आग से महिलाओं समेत तीन झुलसे, नकदी व जेवरात भी जले
सीएचसी डाक्टरों ने प्रारंभिक उपचार के बाद इन तीनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया है।
सीतापुर: ब्राह्माणी टोला में कौशलेंद्र मिश्र के घर आग लग गई। इसमें दो महिलाओं समेत तीन लोग झुलस गए। इनमें कौशलेंद्र मिश्र की पत्नी रेखा मिश्रा व उनके साले अरुण मिश्र व इनकी पत्नी रेनू मिश्रा झुलस कर घायल हुई हैं। सीएचसी डाक्टरों ने प्रारंभिक उपचार के बाद इन तीनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया है।
बताया जा रहा है कि कौशलेंद्र के घर के किचन में जैसे ही गैस जलाई कि सिलिडर से लौ निकलने लगी। आग बुझाने के चक्कर में दोनों महिलाएं झुलस गई। इसी बीच मदद में अरुण भी दौड़े तो वह भी झुलस गए। बताया जा रहा है आग बेकाबू हो गई थी। घर वालों ने पुलिस को फोन किया और अग्निशमन की टीम को जानकारी दी। कुछ देर में दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और कुछ देर में आग पर काबू पाया। उधर कौशलेंद्र मिश्र ने बताया, आग इतनी अधिक फैल गई थी कि उसे काबू करने में घंटा भर लग गया। इस घटना में उनके घर में रखे 20 हजार रुपये भी जल गए हैं। अन्य गृहस्थी के साथ ही जेवरात भी जलकर राख हो गए है।
-हनुमानपुर हादसा:
कमलापुर हादसे के मृतक आश्रितों के खाते में भेजा मुआवजा
सीतापुर: कमलापुर क्षेत्र के हनुमानपुर गांव में गत शुक्रवार की रात हाईटेंशन लाइन के करंट से बड़ी घटना हुई थी। इसमें करंट से कुल सात लोग झुलस गए थे। इनमें चार लोगों की मौत हो गई थी। तीन लोग घायल हुए थे। जिला अस्पताल में भर्ती राम प्रताप पाल की हालत में सुधार है। लखनऊ के इटौंजा के इंदौरा गांव के घायल भगवती पाल को जिला अस्पताल से सोमवार को छुट्टी मिल गई है। वह अब स्वस्थ हैं।
वहीं, इस घटना में घायल हुए अटरिया के टिकौली के अजय की हालत में भी काफी कुछ सुधार हुआ है। अजय को जिला अस्पताल के डाक्टरों ने लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया था। अजय के हाथ में फ्रैक्चर है। दूल्हा विकास के पिता राम प्रताप पाल हैं। विकास ने बताया, उनके पिता के दाहिने हाथ में चोट है। इसलिए डाक्टरों ने उनकी अभी छुट्टी नहीं की है, लेकिन अब पिता की हालत में काफी सुधार है।
वहीं, सिधौली तहसीलदार मिथलेश त्रिपाठी ने बताया, करंट से जिनकी मौत हुई थी। उनमें बिसवां के मोचकला के बीडीसी मायाराम, इसरीपुरवा के राधेश्याम, मानपुर के गोवर्धनपुर के रामऔतार, हनुमानपुर निवासी रामचंद्र के आश्रितों को उनके बैंक खातों में दैवीय आपदा राहत योजना से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक मदद भेजी गई है। वहीं, तीन घायलों में जिला अस्पताल से राम प्रताप पाल व भगौती पाल के बैंक खाते में 4300 रुपये की दर से धनराशि भेजी गई है। अटरिया के अजय ट्रामा सेंटर में भर्ती हैं। इनके संबंधित कागज अभी नहीं मिले हैं।