अस्तबल में करंट से तीन घोड़ों की मौत
नैमिषारण्य में करंट से एक घोड़ा व दो घोड़ी की मौत हो गई। नैमिषारण्य के एक होटल के सामने बने अस्तबल में 10 घोड़े पले हैं।
सीतापुर : मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के नैमिषारण्य में करंट से एक घोड़ा व दो घोड़ी की मौत हो गई। नैमिषारण्य के एक होटल के सामने बने अस्तबल में 10 घोड़े पले हैं। शनिवार की दोपहर अचानक घोड़े कूदने लगे। कर्मचारियों ने देखा तो एक घोड़ा और दो घोड़ी मरे पड़े हैं। सूचना पर बिजली कर्मचारी व पुलिस मौके पर पहुंची। आवेग मेहरोत्रा ने बताया कि होटल से कुछ दूरी पर बिजली तार टूटकर पार्क में बनी बाउंड्री के तारों पर गिर गया। बाउंड्री के तारों से सटी उनके अस्तबल की जाली है। जाली में करंट आने से हादसा हो गया। होटल मैनेजर रीशू बाजपेयी ने कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि मृत घोड़ों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेगा। जेई अलंकृत मिश्र ने बताया कि करंट से मौत नहीं हुई है। जांच करा रहे हैं। होटल का कनेक्शन कटा है। आसपास कोई एचटी व एलटी लाइन भी नहीं निकली है।