तीन आरोपित गए जेल, अन्य की तलाश तेज
बुधवार को खेत में मवेशी जाने के विवाद में दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले और फायरिग हुई थी। घटना का वीडियो भी शोसल मीडिया पर वायरल हुआ जिसमें आरोपित खुलेआम असलहा लहराते और फायर करते नजर आए थे। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
सीतापुर: थाना क्षेत्र के ओबरी गांव में बुधवार को खेत में मवेशी जाने के विवाद में दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले और फायरिग हुई थी। घटना का वीडियो भी शोसल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें आरोपित खुलेआम असलहा लहराते और फायर करते नजर आए थे। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। अन्य आरोपितों की तलाश तेज कर दी गई है। गांव व अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। बता दें कि, ओबरी निवासी जमील उर्फ मगरे के मवेशी गांव के लाल मोहम्मद, शमशाद के खेतों में चले गए थे। इसको लेकर दोनों पक्ष के बच्चों के बीच विवाद हुआ। बच्चों के गांव पहुंचने के बाद दोनों पक्ष के बड़े- बुजुर्गों के बीच विवाद होने लगा। लाठी-डंडों से मारपीट के बाद अवैध तमंचे से फायरिग हुई। इस दौरान दस राउंड गोलियां चली। मारपीट व फायरिग में दोनों ओर से लाल मोहम्मद, समीम, शमशाद, शकील, सहबान व मगरे उर्फ जमील घायल हो गए थे। एएसपी नरेंद्र प्रताप सिंह, सीओ सिटी योगेंद्र सिंह गांव पहुंचे और जांच-पड़ताल की। घायलों को अस्पताल भेजा गया। एक पक्ष के हलीम की तहरीर पर शकील, सहबान, लाल मोहम्मद, सलीम, नफीस, उस्मान, शमशाद, व इशहाक के खिलाफ केस दर्ज किया गया। दूसरे पक्ष से तबस्सुम की तहरीर पर मंगरे, छोटू, मैनुद्दीन, अरबाज व लसा के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। थानाध्यक्ष बृजेश राय ने बताया एक पक्ष के लाल मोहम्मद, शकील, सहबान को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इनके पास से दो अवैध तमंचे व कारतूस बरामद हुई है। अन्य लोगों की तलाश जारी है, शीघ्र गिरफ्तारी होगी।