किसान बर्बाद हो जाएंगे तो देश खत्म हो जाएगा : अखिलेश
महमूदाबाद में किसानों के धरने को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया वर्चुअल रूप से संबोधित
सीतापुर: जो मांगें समाजवादी पार्टी ने रखी हैं, वे किसान हित में हैं। खाद सस्ती हो जाए, डीएपी का बढ़ा पैसा वापस मिले, डीजल-बिजली पर सरकार सब्सिडी दे। जहां किसानों की आय बढ़ाने की बात थी, वहां धान की कीमत ही नहीं मिल रही है। किसान को गन्ने की पर्ची नहीं मिल रही है। यह सब महत्वपूर्ण मुद्दे हैं और हमारे किसानों से जुड़े हैं। महमूदाबाद में धरने पर बैठे किसानों ने समाजवादी पार्टी की हिम्मत बढ़ाने का काम किया है।
यह बात सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंडी में आयोजित किसान धरने को वर्चुअल रूप से संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि किसानों के सम्मान के लिये, किसान के हित के लिये समाजवादी पार्टी को अगर लड़ाई लड़नी पड़ी तो हम लड़ाई लड़ेंगे। अगर हमारे किसान बर्बाद हो जाएंगे तो देश खत्म हो जाएगा। आपकी मदद करना हमारी जिम्मेदारी है। अगर इस आंदोलन को जरूरत पड़ी तो लखनऊ से हमारे वरिष्ठ नेता और मैं खुद महमूदाबाद पहुंचूंगा। विधायक नरेंद्र सिंह वर्मा ने कहा कि यूपी और देश में भाजपा सरकार का सबका साथ-सबका विकास का नारा खोखला साबित हुआ है। हमारी मांग है कि तीनों कृषि संशोधन कानून वापस लिए जाएं, श्रमिक संशोधन कानून वापस हों, क्रय केंद्रों पर खरीद तुरंत शुरू हो, किसानों पर दर्ज झूठ मुकदमे वापस हों, खाद पर बढ़े दाम वापस हों, बिजली व खाद के दाम किये जायें, कृषि यंत्रों से जीएसटी हटाई जाये, बेसहारा पशुओं से हो रही फसलों का मुआवजा सरकार दे। कार्यक्रम को छात्रसभा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह देव, भाकियू नेता नंदकिशोर वर्मा आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम में विनय यादव, विनीत, साकेंद्र, अखिलेश और मो. कादिर आदि उपस्थित रहे।