सीतापुर की धरा पर संस्कृत के उत्थान का शंखनाद
उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने मानस मेला के संस्कृत सम्मेलन को किया संबोधित। संस्कृत विद्यालयों व तदर्थ शिक्षकों की समस्याओं को हल करने का दिया आश्वासन।
सीतापुर : उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि संस्कृत विद्यालयों की उन्नति के लिए काम किया जा रहा है। बहुत जल्द ही संस्कृत विद्यालय में एनसीईआरटी की पुस्तकों से पढ़ाई होगी। संस्कृत शिक्षा को आधुनिक व्यावसायिक शिक्षा से जोड़ा जाएगा, जिसमें व्यावहारिक ज्योतिष, व्यावहारिक वास्तु शास्त्र, योग दर्शन आदि डिप्लोमा की व्यवस्था की जाएगी। वह लालबाग शहीद पार्क में आयोजित मानस मेला के तहत संस्कृत सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि संस्कृत के मेधावी छात्रों को एक लाख रुपये और टैबलेट दे रहे हैं। संस्कृत शिक्षकों को भी राजकीय सम्मान व दो वर्ष की सेवावृद्धि दी जा रही है। वहीं, जहां संस्कृत के अध्यापक नहीं हैं, वहां सेवानिवृत्त शिक्षकों को मानदेय पर रखने का काम किया है। संस्कृत विद्यालय के शिक्षकों के लिए ग्रेच्युटी की व्यवस्था की है। सेवाकाल में मृत्यु हो जाती है तो उसके बेटे को नौकरी मिले, इसके आदेश हमने जारी किए हैं। सरकारी संस्कृत विद्यालयों में छात्राओं के लिए छात्रावास सहित अन्य निश्शुल्क व्यवस्था की हैं। अनुदानित विद्यालयों के जीर्णोद्धार के लिए अनुदान दिया है। विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा दे रहे हैं। साथ ही तदर्थ शिक्षकों पर विचार चल रहा है, उनका विधि सम्मत समाधान किया जाएगा।
उन्होंने नकल माफिया के माध्यम से पिछली सरकार में पर तंज कसा। कहा कि तब नाम किसी और का होता था परीक्षा कोई और दे आता था। हमारे मुख्यमंत्री ने नकल पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार निजी डिग्री कालेजों के शिक्षक शोध करा सकेंगे व असिस्टेट व एसोसिएट प्रोफेसर बन सकेंगे। कार्यक्रम को शिक्षक एमएलसी उमेश द्विवेदी व जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा ने भी संबोधित किया।
बटुकों से की बात, सुने वेद मंत्र :
कार्यक्रम के बाद जब वह मंच से नीचे उतरे तो वहां नारदानंद आश्रम के बटुक खड़े हुए थे। उन बटुकों से उप मुख्यमंत्री ने बातचीत की। वेद पाठियों से पूछा आगे क्या करना चाहते हैं। किसी ने संस्कृत प्रवक्ता, तो किसी ने व्यास बनने की बात कही। उन्होंने सबसे एकसाथ मंत्र उच्चारण के लिए कहा तो सभी बटुक एक स्वर में बोल उठे। इस पर उप मुख्यमंत्री हर-हर महादेव बोलकर आगे बढ़ गए।
शहीदों को किया नमन :
कार्यक्रम स्थल पर उप मुख्यमंत्री ने लालबाग शहीद स्तंभ पर पुष्प चढ़ाकर शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद नारदानंद आश्रम के बटुकों ने उनके ऊपर पुष्पवर्षा की। उन्होंने नारदानंद आश्रम के पीठाधीश्वर देवेंद्रानंद सरस्वती को माला पहनाकर प्रणाम किया।