चलेगा अभियान, टीकाकरण से छूटे बुजुर्गो और बच्चों की होगी पहचान
लक्षणयुक्त व्यक्तियों व छूटे लोगों को चिह्नित किया जाएगा। घर की दीवार पर अंकित की जाएगी तारीख लगेगा का निशान।
सीतापुर : कोविड वैक्सीनेशन से छूटे बुजुर्गों और लक्षणयुक्त व्यक्तियों की पहचान के लिए घर-घर सर्वे अभियान चलेगा। 24 से 29 जनवरी तक चलने वाले इस अभियान में नियमित टीकाकरण से वंचित बच्चों को भी चिह्नित किया जाएगा। जिला टास्क फोर्स की बैठक में सीडीओ अक्षत वर्मा ने चिह्नीकरण अभियान को लेकर विशेष निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि अभियान को पल्स पोलियो की तरह चलाया जाए। ग्रामीण इलाके की टीम में आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को रखा जाए। गृह भ्रमण के दौरान लक्षणयुक्त व्यक्तियों, कोरोनारोधी टीका न लगवाने वाले बुजुर्गों और बच्चों को चिह्नित कर सूची बनाई जाए। पल्स पोलियो की तरह ही घर की दीवार पर निशान और तारीख भी अंकित की जाए।
सीडीओ अक्षत वर्मा ने बताया कि लक्षणयुक्त व्यक्तियों की पहचान और वैक्सीनेशन चिह्नीकरण के लिए घर-घर अभियान चलाया जाएगा। पल्स पोलियो की तर्ज पर चलने वाले इस अभियान में आमजन को जागरूक भी किया जाएगा।
दीवार पर लगाएं स्टीकर, दें बचाव की सीख :
सीडीओ ने कहा कि सर्वे के बाद प्रत्येक घर की दीवार पर विभाग का जागरूकता स्टीकर भी लगाया जाए। आमजन को कोविड बचाव नियमों का पालन करने की नसीहत भी दें। अगर किसी घर में सारी (सिवीयर एक्यूट रेस्परेटरी इंफेक्शन) का रोगी मिलता है तो उसकी जांच पल्स आक्सीमीटर से कर पर्यवेक्षक के जरिए सूचना अधिकारियों को दी जाए।
विभागों के समन्वय से सफल होगा अभियान :
सीएमओ डा. मधु गैरोला ने बताया कि 24 से 29 जनवरी तक चलने वाले इस अभियान में स्वास्थ्य, नगर विकास, समेकित बाल विकास, ग्राम्य विकास, पंचायती राज विभाग, कृषि, यूनीसेफ व अन्य विभागों के सहयोग से संचालित किया जाएगा। घर-घर सर्वे अभियान सभी के सहयोग से सफल होगा।