Move to Jagran APP

लखीमपुर कांड : जमकर हंगामा, नारेबाजी, नेशनल हाईवे पर रफ्तार थमी

कांग्रेस सपा के अलावा किसान संगठनों का विरोध लालबाग चौराहे पर सपाइयों ने लगाया जाम

By JagranEdited By: Published: Tue, 05 Oct 2021 12:15 AM (IST)Updated: Tue, 05 Oct 2021 12:15 AM (IST)
लखीमपुर कांड : जमकर हंगामा, नारेबाजी, नेशनल हाईवे पर रफ्तार थमी
लखीमपुर कांड : जमकर हंगामा, नारेबाजी, नेशनल हाईवे पर रफ्तार थमी

सीतापुर : लखीमपुर कांड की गूंज सोमवार को सीतापुर की सड़कों पर साफ दिखाई दी। जिला मुख्यालय से लगाकर ग्रामीण क्षेत्रों तक में कांग्रेस, सपा और किसान संगठनों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया। सपाइयों ने तो मुख्यालय पर लालबाग चौराहे पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों सपाइयों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया। यही नहीं, बरेली नेशनल हाईवे पर भी रफ्तार थम गई।

prime article banner

प्रदर्शन की शुरुआत सबेरे कांग्रेस ने की तो सूरज के चटक होते ही सपाई रौ में आ गए। लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को हिरासत में लेने के बाद काफी भीड़ कार्यालय पर जुट गई। इसके बाद सपाई सड़कों पर नारेबाजी करते हुए निकले। इस दौरान पुलिस ने पूर्व विधायकों को हिरासत में लिया। यह मामला अभी शांत हो ही पाया था कि जिलाध्यक्ष छत्रपाल यादव की अगुवाई में जासमीर अंसारी, रामपाल राजवंशी, संतोष प्रजापति, अफजाल कौसर ने लालबाग चौराहे पर जाम लगा दिया। इन्हें भी पुलिस ने हिरासत में लिया। शहर कोतवाल तेज प्रकाश सिंह ने बताया कि किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। बस, प्रदर्शन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लाइन ले जाया गया था। किसान संगठनों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। यही नहीं, नेरी और मैगलगंज में प्रदर्शन के मद्देनजर बरेली नेशनल हाईवे पर भी करीब सात घंटे तक वाहनों की आवाजाही थमी रही। इस दौरान काफी संख्या में वाहन जाम खुलने के इंतजार में बाईपास और नेशनल हाईवे के किनारे खड़े रहे।

बिसवां : लखीमपुर की घटना को लेकर किसान संगठन गुरु तेग बहादुर सिंह गुरुद्वारा में एकत्र हुए। फिर सभी नारेबाजी करते बड़े चौराहा पहुंचे और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। हरप्रीत सिंह, प्रमोद वर्मा, बलजीत सिंह, नैमिष मिश्रा मौजूद रहे।

महमूदाबाद : सपा कार्यकर्ताओं ने रामकुंड चौराहे पर प्रदर्शन किया। प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जाम लगाया। सूचना एसडीएम आरडी राम पुलिस बल के साथ पहुंचे और वार्ता कर जाम खुलवाया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल की प्रतिमा के समक्ष बैठकर नारेबाजी की। शिवेंद्र यादव, प्रवीण यादव, प्रतीक सिंह, अनूप यादव आदि मौजूद रहे।

अटरिया : हाईवे पर कुंवरपुर के पास पुलिस रात से ही वाहनों की चेकिग करती रही। सुबह एसडीएम सिधौली सुरेश कुमार, सीओ महमूदाबाद रवि शंकर पुलिस के साथ मौजूद रहे। लखीमपुर जाते समय नागरिक एकता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद शमीम, प्रदेश अध्यक्ष ताहिर सिद्दीकी, महासचिव रिजवान अहमद समेत एक दर्जन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर निजी गेस्ट हाउस में रखा गया। वहीं भारतीय किसान मजदूर यूनियन शहरी की लखनऊ अध्यक्ष ममता राजपूत को कार्यकर्ताओं के साथ रोककर वापस कर दिया गया।

सिधौली : प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष धीरज सिंह, महासचिव तरुण प्रकाश रावत, भाकियू के बलबीर सिंह, अमर मिश्रा, धीरेंद्र, प्रवीन, पवन को कार्यालय से हिरासत में ले लिया। यह लोग लखीमपुर जाने की तैयारी कर रहे थे।

सेउता : ग्राम चैनपुरवा सालपुर के रहने वाले भारतीय किसान संगठन के जिलाध्यक्ष भारत भूषण अवस्थी व जिला प्रभारी संजय मिश्रा को तंबौर पुलिस ने निज निवास पर नजर बंद किया गया। यहां पुलिस कर्मी सुबह ही घर पर पहुंच गए थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.