'श्रद्धा' के बल पर बिखरी सीतापुर की चमक
कानपुर में जन्मीं श्रद्धा शर्मा ने नौकरी के साथ शूटिग में भी कमाया नाम
सीतापुर : राजस्व निरीक्षक श्रद्धा शर्मा ने एक शूटिग प्रतियोगिता में शौकिया शिरकत की और फिर यह खेल उनकी जिदगी का अहम हिस्सा बन गया। उन्होंने अपनी प्रतिभा के बल पर सीतापुर की चमक प्रदेश स्तरीय शूटिग प्रतियोगिताओं में भी बिखेरी है। अपने दायित्वों के निर्वहन के साथ ही शूटिग में हुनर दिखाने वाली श्रद्धा को यूथ आइकन अवार्ड समेत कई सम्मान मिल चुके हैं। आज राष्ट्रीय बालिका दिवस है। ऐसे में श्रद्धा का जुनून और जज्बा हर बेटी के लिए प्रेरक है, वे चाहें तो अपने हुनर के बूते बुलंदियों को छू सकती हैं।
कानपुर में मोतीझील के पास जवाहरनगर निवासी चंद्रकुमार शर्मा की बेटी श्रद्धा शर्मा सीतापुर की सदर तहसील में बतौर राजस्व निरीक्षक तैनात हैं। उनकी तैनाती वर्ष 2016 में हुई थी। बकौल श्रद्धा वर्ष 2018 में जिला खेल प्रतियोगिता की महिला वर्ग की शूटिग प्रतियोगिता में पहली बार हिस्सा लिया। एयर पिस्टल पर उन्होंने सटीक निशाने साधे। उन्हें महिला वर्ग का प्रथम पुरस्कार भी मिला। इस सफलता से उनकी दिलचस्पी शूटिग में बढ़ा गई। वह प्रैक्टिस करने लगीं। परिणाम भी अच्छे आने लगे। श्रद्धा का निशाना कितना सटीक रहा होगा, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2019 में उनकी इंट्री प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में हो गई। शामली में आयोजित प्री स्टेट लेवल प्रतियोगिता में उसकी 19वीं रैंक आई। इसके बाद वह प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में मेरठ पहुंचीं। वहां प्रदर्शन में और निखर आया। इसमें उन्होंने प्रदेश में 10वां स्थान हासिल किया। अब श्रद्धा शूटिग में देश का नाम रोशन करना चाहती हैं।
सामाजिक कार्यों में भी दिलचस्पी
श्रद्धा नौकरी के साथ ही सामाजिक कार्यों में भी खूब शिरकत करती हैं। बेटियों को अच्छा करने के लिए प्रेरित करती हैं साथ ही जरूरतमंदों की मदद करना भी शौक में शुमार है।
मिला यूथ आइकन अवार्ड
नौकरी के साथ ही शूटिग में चमक बिखेरने वाली श्रद्धा को नेशनल यूथ डे के अवसर पर वर्ष 2020 में यूथ आइकन अवार्ड से सम्मानित किया गया था। अभी कुछ दिनों पहले ही लखनऊ में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी उन्हें सम्मानित किया।