बाढ़ के पानी से कटी सड़क व अवरुद्ध रास्ते बने समस्या
अहमदाबाद गंज के लोग सबसे अधिक प्रभावित आवागमन में हो रही दिक्कतें।
सीतापुर : पिछले माह बाढ़ के पानी से अहमदाबाद गंज में कई रास्ते कट गए, जिससे आवागमन अवरुद्ध हो गया है। अभी तक समस्या से निजात दिलाने के लिए कोई पहल नगर पंचायत ने नहीं की है।
अहमदाबाद गंज में मुख्य सीसी मार्ग बाढ़ के पानी से 10 फीट से ज्यादा कट गया है। यहां पर बड़ा गड्ढा भी हो गया है, जिसमें पानी भरा है। इस रास्ते से लोगों का आवागमन बाधित है। इस कटी हुई सड़क से निकलते समय कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं। सबसे अधिक समस्या रात के समय होती है। अहमदाबाद गंज, बैठूपुरवा जोड़ने वाले इस मार्ग पर आवागमन अधिक है। मजबूरी में लोग अन्य रास्तों से लंबा चक्कर काटकर निकल रहे हैं।
वहीं, कई गलियां व रास्तों पर चोक नालियों का मलबा भरा पड़ा है। दुर्गंध की समस्या भी बनी हुई है। दरअसल, बाढ़ का पानी निकलने के बाद सफाई ठीक से नहीं हुई है।
मोहम्मद शहरून ने बताया कि बाढ़ का पानी निकलने के बाद सड़क कटने से लोग परेशान हैं। आवागमन की समस्या बनी हुई है। नपं ने ठीक से साफ सफाई भी नहीं कराई। जबकि सफाई के बाद दवा छिड़काव किया जाना चाहिए। इश्तियाक अहमदाबाद गंज में सबसे अधिक आवागमन की दिक्कतें हैं। कई रास्ते व गलियां अवरुद्ध हो गई हैं। बैठूपुरवा मार्ग कटा है। लोग अन्य रास्तों से निकलते हैं। गलियां की सफाई कराने की जरूरत है।
नगर पालिका ईओ आशुतोष त्रिपाठी अहमदाबाद गंज में बाढ़ के पानी से कटी सड़क की मरम्मत का प्रस्ताव भेजा गया है। शीघ्र ही सड़क की मरम्मत कराई जाएगी। सफाई व दवा छिड़काव के निर्देश दिए हैं। सफाई कराकर निरीक्षण भी करेंगे।