समीक्षा अधिकारी का संदिग्ध परिस्थितियों में बाग में मिला शव
सचिवालय में श्रम विभाग अनुभाग-पांच में कार्यरत था शिवनाथ। ड्यूटी पर नहीं जा रहे थे शिवनाथ तो दामाद जबरन छोड़ने निकला था
सीतापुर : सचिवालय में श्रम विभाग अनुभाग-पांच में कार्यरत समीक्षा अधिकारी शिवनाथ हरिजन का मंगलवार सुबह बाग में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला है। उसकी आयु 56 वर्ष बताई जा रही है। थानाध्यक्ष ओपी राय ने बताया, समीक्षा अधिकारी शिवनाथ हरिजन सोमवार को दामाद राजकमल के साथ बहनोई रामदयाल के घर शाम को आए थे। शिवनाथ हरिजन के बहनोई रामदयाल खैराबाद के धरैंचा गांव का निवासी है, जबकि दामाद राजकमल मछरेहटा थाना क्षेत्र के परसदा का रहने वाला है। मंगलवार सुबह साढ़े छह बजे सोकर जगे फिर शिवनाथ का धरैंचा गांव के बाहर बाग में उनका शव पाया गया। थानाध्यक्ष के मुताबिक, समीक्षा अधिकारी का शव आम के पेड़ से लटका मिला। थानाध्यक्ष ने जांच में मृतक समीक्षा अधिकारी शिवनाथ को शराब का आदी बताया है। उन्होंने बताया है कि शिवनाथ की मौत कैसे हुई, इसकी पुष्टि के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
दामाद के साथ बहनोई के घर आए थे शिवनाथ
मृतक के बहनोई राम दयाल ने बताया, शिवनाथ सोमवार शाम को अपने दामाद राजकमल के साथ बाइक से उनके घर आया था। सुबह शिवनाथ शौच के लिए गए थे। कुछ देर बाद राजकमल दौड़ता आया। बोला, बाबूजी (शिवनाथ हरिजन) ने फांसी लगा ली है। गांव के धर्मराज ने फोन कर पुलिस को बताया। रामदयाल ने यह भी बताया है कि, शिवनाथ ड्यूटी पर नहीं जा रहे थे। इन्हें उनका दामाद राजकमल जबरन ड्यूटी पर छोड़ने के लिए निकला था। रास्ते में शाम को उनके घर धरैंचा गांव आ गए थे। गोलीकांड में निवर्तमान प्रधान भी गिरफ्तार
हरगांव : सुल्तानपुर में शनिवार रात हुए गोलीकांड के मुख्य अभियुक्त निवर्तमान प्रधान कमलेश मौर्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। बता दें, पूर्व के एक मामले में गवाह अशफाक पर निवर्तमान प्रधान व उसके साथियों पर हमला करने का आरोप है। हमले में अशफाक को गोली लगी थी। इसमें निवर्तमान प्रधान कमलेश मौर्य, बेचेलाल, राकेश, नितिन नामजद हैं। बेचेलाल व नितिन रविवार को ही गिरफ्तार हो गए थे। (संसू)