Move to Jagran APP

प्रियंका बोलीं, मंत्री को अब तक बर्खास्त क्यों नहीं किया..

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम जारी किया अपना वीडियो संदेश ट्विटर पर भी सक्रिय बगैर एफआइआर रोकने पर उठाए सवाल

By JagranEdited By: Published: Wed, 06 Oct 2021 12:39 AM (IST)Updated: Wed, 06 Oct 2021 12:39 AM (IST)
प्रियंका बोलीं, मंत्री को अब तक बर्खास्त क्यों नहीं किया..
प्रियंका बोलीं, मंत्री को अब तक बर्खास्त क्यों नहीं किया..

सीतापुर: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम एक वीडियो संदेश जारी किया है। इस संदेश में प्रियंका सबसे पहले प्रधानमंत्री को नमस्कार करती हैं। इसके बाद लखीमपुर कांड को लेकर वायरल हुए वीडियो को मोबाइल पर दिखाती हैं। वह आरोप मढ़ती हैं कि इस वीडियो में सरकार के एक मंत्री के बेटे किसानों को अपनी गाड़ी से कुचलते हुए दिखाता है। वीडियो संदेश में वह कहते दिखाई देती हैं कि ऐसा कृत्य करने वाले मंत्री को अब तक बर्खास्त क्यों नहीं किया गया? इस लड़के (मंत्री के बेटे) को अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया?

loksabha election banner

उन्होंने प्रधानमंत्री को वीडियो संदेश के जरिए कहा है कि आप याद करिए कि हमको आजादी देश के किसानों ने दिलाई है। इस देश की सुरक्षा बॉर्डर पर किसानों के बेटे करते हैं। किसान महीनों से त्रस्त है, अपनी आवाज उठा रहा है और आप उसे नकार रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से लखीमपुर आने का आग्रह कर किसानों की पीड़ा सुनने और समझने को कहा।

पहले किया ट्वीट, उठाए हिरासत में रखने पर सवाल

सुबह भी प्रियंका ने ट्वीट कर सरकार पर हमला बोला था। उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा था कि बगैर किसी आर्डर और एफआइआर के मुझे हिरासत में रखा है।

प्रियंका से नहीं मिल पाए वकील, जड़े आरोप

सीतापुर : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात करने के लिए उनके दो अधिवक्ता मंगलवार को सीतापुर पहुंचे। काफी प्रयासों के बावजूद अधिवक्ता वरुण चोपड़ा और शाहाब अहमद की मुलाकात नहीं हो पाई। कहा कि उन्हें प्रियंका गांधी वाड्रा से मिलने नहीं दिया गया। कोई जानकारी भी नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को कानूनी सलाह लेने का हक है। अब जब तक हमें मिलने नहीं दिया जाएगा, तब तक इंतजार करेंगे। लखीमपुर जाने से रोका

विवाद के बाद लखीमपुर जा रहे संगठनों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को रोके जाने का सिलसिला जारी है। हरदोई, लखनऊ व अन्य स्थानों से आए कई लोगों को पुलिस ने वापस कर दिया। लखीमपुर जा रहे भारतीय आजाद मंच के प्रतिनिधि मंडल को भी पुलिस ने रोक दिया। बताया जा रहा है कि संगठन के जिलाध्यक्ष पंकज तोमर, राष्ट्रीय प्रवक्ता दीपक पांडेय, प्रदेश संयोजक कुलदीप तिवारी, प्रदेश संगठन मंत्री अखिलेश साहू, गौरव यादव, गौरव गुप्ता आदि को वापस भेजा गया है।

शाम को निकाला मशाल जुलूस

सीतापुर : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की रिहाई को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने शाम को मशाल जुलूस निकाला। रिहाई को लेकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने कहा योगी सरकार में संवैधानिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। वहीं हरगांव में सपा कार्यकर्ताओं ने लखीमपुर में घटना के शिकार हुए मृत किसानों को श्रद्धांजलि देने के लिए कैंडल मार्च निकाला। सपा नेता फुरकान खां के नेतृत्व में परसेहरा शरीफपुर मार्ग स्थित कार्यालय से रवाना हुए। बैनर लेकर कार्यकर्ता मुख्य चौराहा होते हुए सूर्य कुंड तीर्थ पहुंचे। पूर्व विधायक रमेश राही, प्रीती सिंह, किरन, आशीष रस्तोगी आदि मौजूद रहे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.