समिति ने किया सत्यापन, आज होगा सूची का प्रकाशन
सीतापुर प्रधान बीडीसी जिला पंचायत सदस्य व ब्लाक प्रमुख पद की आरक्षण सूची पर मिली आपत्तियों के
सीतापुर : प्रधान, बीडीसी, जिला पंचायत सदस्य व ब्लाक प्रमुख पद की आरक्षण सूची पर मिली आपत्तियों के निस्तारण का सत्यापन किया गया। सीडीओ अक्षत वर्मा की ओर से गठित तीन समितियों के 12 अफसरों ने निस्तारण की पड़ताल की। आपत्तियों के निस्तारण में कोई कमी तो नहीं रह गई, इसकी जांच की गई। अधिकारियों के पंचायत की आरक्षण सूची और उस पर दी गई आपत्तियों के दावों को जांचा। सत्यापन के बाद शुक्रवार को आरक्षण की अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा। बता दें कि, नए शासनादेश के आधार पर पंचायत पदों की आरक्षण सूची का प्रकाशन 20 मार्च को किया गया था। सूची प्रकाशित होते ही आपत्तियां दर्ज कराने का सिलसिला भी शुरू हो गया। 2000 से अधिक दावेदारों ने आरक्षण सूची पर ऐतराज जताया। डीपीआरओ मनोज कुमार की अगुवाई में आरक्षण सूची पर प्राप्त आपत्तियों का परीक्षण और निस्तारण किया गया। निस्तारण में कोई त्रुटि तो नहीं रह गई, इसके सत्यापन के लिए सीडीओ ने तीन टीमों का गठन किया। प्रत्येक टीम में चार-चार अधिकारियों को शामिल किया गया।
-2099 दावेदारों ने दी है आरक्षण पर आपत्ति सीतापुर : 20 से 23 मार्च तक 2099 दावेदारों ने पंचायत पदों की आरक्षण सूची पर आपत्ति दर्ज कराई। डीएम व डीपीआरओ कार्यालय और ब्लाक मुख्यालयों पर प्रार्थना पत्र देकर पंचायत की आरक्षण सूची पर ऐतराज जताया। जनसंख्या और चक्रानुक्रम का पालन न करने की दलील देकर पंचायत के आरक्षण को बदले जाने की मांग की गई। ब्लाक मुख्यालयों पर मिली आपत्तियों के एकत्रीकरण के बाद आंकड़े स्पष्ट हुए और आपत्तियों का परीक्षण व निस्तारण किया गया। -2046 को प्रधान पद के आरक्षण पर ऐतराज
नए शासनादेश के आधार पर जारी आरक्षण सूची को लेकर सबसे अधिक आपत्तियां प्रधान पद के लिए दी गईं। 2046 दावेदारों ने पंचायत की आरक्षण सूची पर ऐतराज जताया है। वहीं जिला पंचायत सदस्य पद के आरक्षण पर 23 दावेदारों ने ही आपत्ति दर्ज कराई है। बीडीसी पद के लिए 29 आपत्तियां दर्ज की गईं।
पूर्व की आरक्षण सूची पर कम आई थी आपत्तियां हाईकोर्ट की रोक बाद जारी हुई नई आरक्षण सूची पर दर्ज कराई गई आपत्तियों का आंकड़ा पूर्व में जारी सूची से कहीं अधिक है। पूर्व में प्रकाशित की गई आरक्षण सूची पर 1277 दावेदारों ने आपत्ति दी थी।