नहीं रहे समाजसेवी मोती लाल महावर
समाजसेवी मोतीलाल महावर नहीं रहे। उनके निधन से जिलेभर में शोक की लहर दौड़ गई। मोती लाल महावर 70 वर्ष के थे।
सीतापुर: समाजसेवी मोतीलाल महावर नहीं रहे। उनके निधन से जिलेभर में शोक की लहर दौड़ गई। मोती लाल महावर 70 वर्ष के थे। एक दिन पहले उनकी जांच रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी।
बुधवार की सुबह उन्होंने लखनऊ के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। 90 के दशक में समाजसेवा के लिए उन्होंने रामकृपा सेवा संस्थान की स्थापना की थी। संस्थान का खर्च वह खुद के व्यवसाय के कमाए धन से करते थे। रामकृपा सेवा संस्थान के माध्यम से उन्होंने 1042 अज्ञात शवों के दाह संस्कार का काम किया साथ ही 503 शवों को उनके परिवारजनों तक पहुंचाया। ठंडक में मध्यरात्रि को चुपचाप मार्गों के किनारे खड़े रिक्शा चालकों, जरूरतमंदों को कंबल बांट आते थे। वहीं गर्मियों में प्रतिवर्ष एक वाटरकूलर किसी सार्वजनिक स्थल पर लगवाते थे। यह क्रम पिछले 14 वर्षों से जारी था। मोती लाल महावर ने 800 गरीब कन्याओं के विवाह का पूरा खर्च खुद उठाया।