मोदी सरकार ने काम से रचा इतिहास : कौशल किशोर
मोदी योगी सरकार की गिनाईं उपलब्धियां सपा सरकार पर साधा निशाना।
सीतापुर : केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर का नगर पालिका में विकास कार्यक्रमों के लोकार्पण समारोह में अभिनंदन किया गया। मंत्री ने कहा कि पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने जीवित लोगों के लिए कोई काम नहीं किया। कब्रिस्तानों की बाउंड्री पर करोड़ों रुपये खर्च किए। यह पैसा अगर गरीबों को आवास देने में होता तो दस लाख से अधिक लोगों को रहने का ठिकाना मिलता। भाजपा सरकार ने गरीबों का यह सपना पूरा किया है।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि केंद्र ने सौभाग्य योजना लागू की, जिससे शहर से लेकर गांवों को रिकार्ड बिजली मिल रही है। उज्जवला योजना से 14 करोड़ महिलाओं को गैस सुविधा दी। आयुष्मान योजना से कार्ड बनाकर गरीबों का मुफ्त इलाज कराया। इन कामों से सरकार ने इतिहास रच दिया। विपक्ष के पास कोई मुद्दा तक नहीं है। सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा में मिल रहा समर्थन बता रहा है कि यूपी में फिर भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। भाजपा प्रदेश परिषद सदस्य अम्ब्रीश गुप्त ने नगर पालिका के विकास को लेकर खून से लिखा मांगपत्र कौशल किशोर को सौंपा। हीरा ठाकुर, अचिन मेहरोत्रा, ममता सोनी, अवधेश चौहान, आशा मौर्या, मोहन प्रसाद बारी, चंद्रभूषण मौजूद रहे। रामकुंड चौराहा पर सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
2024 तक सभी को आवास :
मंत्री
बिसवां प्रतिनिधि के अनुसार रामलीला मैदान में सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा मोदी सरकार ने रिकार्ड काम सभी के लिए किया। कांग्रेस यह काम 70 वर्षों में नहीं कर सकी। कोरोना में विपक्षी नेता घरों में दुबके रहे, जबकि मोदी, योगी सरकार ने लोगों का जीवन बचाया। भोजन, पानी की व्यवस्था की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मेहनत कर सेवा की। 2024 तक सबको आवास मिलेगा। हर घर को पाइप से पानी मिलेगा। दावा किया कि मुस्लिम समाज भी भाजपा को वोट करेगा। सांसद राजेश वर्मा, विधायक महेंद्र सिंह यादव, पूर्व एमएलसी राकेश सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।