कई सड़कें बदहाल, कुछ ऐसा है नैमिष का हाल
प्रमुख सड़कों पर हो गए हैं गड्ढे खराब रास्तों पर होता है जलभराव
सीतापुर : नैमिषारण्य में विकास के दावों की पोल यहां की सड़कें खोल रही हैं। कई प्रमुख सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। कई सड़कों पर बने गड्ढों में जलभराव होता है। पानी भरने से आवागमन प्रभावित होता है। कस्बे के अंदर की सड़कों की हालत भी खराब है। कई मुहल्लों में सड़कों पर पानी भी बहता रहता है। अच्छी सड़कों की सौगात देने का वादा बेमानी साबित हो रहा है। ललिता मंदिर चौराहे पर भी सड़क में कई गड्ढे हो गए हैं। ये चौराहा प्रमुख चौराहा माना जाता है। नैमिषवासियों की तमाम शिकायतों के बाद भी सड़कों की हालत में सुधार नहीं हुआ। दर्शन-पूजन करने नैमिष आने वाले श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इन रास्तों को सुधार की जरूरत
- सूतगद्दी जाने वाले मार्ग का हाल बहुत ही खराब है। पानी निकास नाली न होने की वजह से इस सड़क पर जलभराव की स्थिति भी बनती है। गड्ढायुक्त इस सड़क को सही नहीं कराया गया।
- चक्रतीर्थ से व्यासगद्दी जाने वाली सड़क की हालत भी बदहाल है। पुलिया के समीप सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इस रास्ते से प्रतिदिन हजारों लोग गुजरते हैं।
- व्यासगद्दी से गोमती नदी जाने वाले मार्ग पर स्थित पुलिया भी जर्जर हो गई है। जर्जर पुलिया किसी भी समय हादसे का कारण बन सकती है। वहीं पूरब वार्ड नंबर एक में बाबूलाल दीक्षित के मकान से निकलने वाली सड़क कई वर्षों से खराब पड़ी है। मुहल्लेवालों की शिकायत के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई।
वर्जन
क्षतिग्रस्त सड़कों को शीघ्र ही सही कराया जाएगा। जर्जर सड़कों की मरम्मत के लिए कार्ययोजना तैयार कर निर्माण कार्य किया जाएगा।
- आरपी सिंह, ईओ नैमिषारण्य-मिश्रिख