पुतला दहन के साथ चूर हुआ लंकापति दशानन का दंभ
सीतापुर बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक का पर्व विजयादशमी जिले भर में धूमधाम से मनाया गया। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम ने लंकापति दशानन का दंभ चूर करते हुए उसका वध किया और रावण के पुतले का दहन किया।
सीतापुर : बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक का पर्व विजयादशमी जिले भर में धूमधाम से मनाया गया। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम ने लंकापति दशानन का दंभ चूर करते हुए उसका वध किया और रावण के पुतले का दहन किया। भगवान राम के जयकारों के बीच धू-धू कर जले पुतले के साथ ही अहंकार का नाश हो गया।
पिसावां : मढैया बाबा देव स्थान पर चल रही रामलीला में कलाकारों ने श्रीराम व रावण युद्ध का मंचन किया। श्रीराम के वाण से रावध का पुतला धू-धूकर जलने लगा। इस दौरान मौजूद लोगों ने जय श्रीराम के गंगनभेदी जयकारे लगाए।
मछरेहटा : कस्बे में रामलीला दशहरा मेला का आयोजन कोविड-19 नियमों के पालन के साथ संपन्न हुआ। वृंदावन से आए कलाकारों ने रामलीला का मनोहारी मंचन किया। सोमवार को बुराई के प्रतीक रावण का श्रीराम ने वध किया। इसके बाद रावण के पुतले का दहन किया गया। जिसके क्षेत्रीय लोग साक्षी बने। इस दौरान विजय पांडेय, वीरपाल सिंह, बनारसी लाल गुप्ता, चहलू सिंह, रोहित रस्तोगी, मनोज रावत, विवेक गुप्ता, अनिल रस्तोगी आदि मौजूद रहे।
सरैंया : सदरपुर क्षेत्र के गांव जगदीशपुर हाजीपुर में आयोजित दस दिवसीय दुर्गा पूजा एवं दशहरा मेला समारोह में सोमवार को असत्य के प्रतीक के रूप में रावण के पुतले का दहन किया। हरदोई जनपद की श्री बालाजी धार्मिक रामलीला पार्टी नरोइया के कलाकारों ने श्रीराम व रावण युद्ध का मंचन किया। रावण के वध के बाद श्रीराम द्वारा छोड़े गए अग्निबाण से रावण का पुतला कर जल उठा। इस दौरान क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। वहीं दुर्गा पूजा में आयोजन समिति की मुखिया प्रधान चंद्रकांती वर्मा व लखनऊ पीजीआइ में सेवारत उनके पति रामधार वर्मा की ओर से पांच दिवसीय पंचकुडीय गायत्री यज्ञ संपन्न कराया गया। यज्ञ के सात जोड़ों का विवाह करा कर उन्हें उपहार भेंट किए गए।