जलशक्ति मंत्री ने हवाई सर्वेक्षण कर जानी बाढ़ की स्थिति
अधिकारियों के साथ की बैठक दिए जरूरी निर्देश।
सीतापुर : जलशक्ति मंत्री डा. महेंद्र सिंह ने जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया। बाढ़ का हाल जानने के बाद अधिकारियों के साथ बैठक की। जलशक्ति मंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित गांवों के ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर रखा जाए। राहत और बचाव कार्यों के संसाधनों की उपलब्धता, एनडीआरएफ व एसडीआरएफ टीमों की स्थिति भी जानी। राशन किट व मेडिकल किट वितरण का निर्देश दिया। बाढ़ पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा देने को कहा। लापरवाही करने वाले लेखपालों पर कड़ी कार्रवाई करने की बात भी कही। जलशक्ति मंत्री ने प्रकाश, इमरजेंसी लाईट, मोमबत्ती, पेट्रोमैक्स का प्रबंध करने को कहा।
प्रत्येक गांव में रहे एक नोडल अधिकारी :
बैठक में जलशक्ति मंत्री ने कहा कि प्रत्येक गांव स्तर पर एक नोडल अधिकारी की तैनाती की जाए। स्वास्थ्य कैंप लगाए जाएं। प्रभावित इलाकों में प्रकाश की समुचित व्यवस्था करने को कहा। गांवों में मुनादी कराने, जलभराव की स्थिति सामान्य होने पर फागिग व एंटी लार्वा छिड़काव का निर्देश दिया।
समय से वितरित हो रही है राहत सामग्री :
प्रेसवार्ता में जलशक्ति मंत्री ने कहा कि बाढ़ के मद्देनजर व्यापक प्रबंध किए गए हैं। नुकसान का तत्काल मुआवजा दिया जा रहा है। राहत सामग्री का समय से वितरण सुनिश्चित कराया जा रहा है। बचाव कार्य युद्धस्तर पर हो रहे हैं।
बाढ़ प्रभावित सूची में शामिल किए जाएं 28 गांव : ज्ञान तिवारी
सीतापुर : सेउता विधायक ज्ञान तिवारी ने रेउसा व रामपुर मथुरा ब्लाक के 28 गांवों का नाम बाढ़ प्रभावित गांवों की सूची में शामिल न होने की बात कही। उन्होंने, बाढ़ क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण करने आए जलशक्ति मंत्री डा. महेंद्र सिंह को गांवों की सूची भी सौंपी। सूची में 22 गांव रेउसा और रामपुर मथुरा के छह गांवों के नाम दिए गए हैं।