सीतापुर : सर, महिलाओं के लिए रोजगार के क्या अवसर हैं। रोजगार से संबंधित योजनाएं कौन सी हैं। नौकरी की प्रक्रिया के बारे में बताइए। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना का लाभ कैसे मिलेगा।
ये सार सवाल व शिकायतें महिलाओं और बालिकाओं ने डीएम विशाल भारद्वाज से की। शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और सम्मान पर महिलाओं, किशोरियों और लड़कियों ने डीएम से सीधे संवाद किया। आधी आबादी ने 10 से 12 बजे तक डीएम कार्यालय के नंबर पर फोन कर अपनी समस्या बताई और समाधान मांगा। डीएम से हक की बात कार्यक्रम में सबसे पहला फोन गुरुदेव नगर, हरगांव निवासी ममता ने किया। ममता ने आवास के संबंध में अपनी शिकायत डीएम से कही। रोटी गोदाम निवासी सबदुन निशा ने डीएम से रोजगार पर चर्चा की। रोजगार योजनाओं के बारे पूछा। डीएम ने उनकी समस्या का समाधान किया। रोजगार योजनाओं के बारे में बताया। भवानीपुर जालेपारा निवासी लीलावती ने धान खरीद की दिक्कतों को डीएम के सामने रखा।
धान बिक्री में आ रही समस्याओं को दूर किए जाने की मांग की। अमौरा निवासी गुड्डी देवी ने अवैध कब्जे को लेकर न्याय मांगा। उसने कहा कि, दबंगों ने घर गिरा दिया। शिकायत करने पर उसे ही थाने में बिठाया गया। मिश्रि़ख ब्लॉक के गांव लकड़ियामऊ निवासी शिवानी ने डीएम को फोनकर अस्पताल का नम्बर मांगा। शिवानी ने कहा अगर अस्पताल का ना हो, तो काउंसलर का नम्बर ही दिला दीजिए। इसी तरह कई अन्य महिलाओं और बालिकाओं ने डीएम से संवाद किया। अपनी समस्याओं के बारे में बताया। डीएम ने सभी को शिकायतों के निस्तारण का आश्वासन दिया। संवाद कार्यक्रम में 13 महिलाओं ने डीएम से बात की। इस मौके पर प्रोबेशन अधिकारी अश्विनी तिवारी मौजूद रहे।
में कोरोना वायरस से जुडी सभी खबरे