'कूड़ा बम' ऐसे ही फूटा तो रैंकिंग फिर देगी दर्द
वर्ष 2020 में नगर पालिका परिषद सीतापुर को मिली थी राज्य में 49वीं रैंक अभी भी जिला मुख्यालय में जगह-जगह फैला है कचरा।
सीतापुर : स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 की रिपोर्ट में एक से 10 लाख की आबादी वाली नगर पालिकाओं की राष्ट्रीय रैंक में नगर पालिका परिषद सीतापुर को 282वीं और स्टेट में 49वीं रैंक मिली थी। खराब प्रगति रिपोर्ट के बाद भी अभी तक नगर की सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ है। सफाईकर्मियों की फौज, संसाधनों के बाद भी नगर क्षेत्र में जगह जगह कचरा फैला मिल जाएगा। जगह जगह फैले कचरे के कारण स्थानीय नागरिकों को परेशानी तो हो ही रही है साथ ही शहर की बदहाल तस्वीर भी सामने आ रही है।
दृश्य एक : विजय लक्ष्मी नगर वार्ड में सुमित्रा स्कूल के पास गली में कूड़े का ढेर लगा हुआ है। कूड़े पर बेसहारा पशु बैठे हुए हैं। आधे से ज्यादा मार्ग कूड़े से पटा हुआ है। आसपास के निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मुहल्ला निवासी शैलेंद्र पांडेय ने बताया यहां सफाईकर्मी पूरे मुहल्ले का कूड़ा इकट्ठा करके डाल जाते हैं। कई बार मना भी किया, लेकिन कोई असर नहीं हुआ।
दृश्य दो : लोहारबाग में एचकेपी गेट के बाहर कूड़ाघर तो बना हुआ है। परंतु कचरा कूड़ा घर मं होने के बजाए बाहर ही बिखरा पड़ा है। कूड़े पर बेसहारा पशु बैठे हुए हैं। इस गेट से छात्राएं स्कूल के अंदर जाती हैं वहीं मार्ग से स्थानीय लोग निकलते हैं। कचरे की उठती दुर्गंध के कारण सभी को छात्राओं सहित अन्य लोगों को परेशानी हो रही है।
आमजन भी नहीं देते ध्यान :
नगर को साफ-सुथरा रखने के लिए केवल नगर पालिका परिषद की ही नहीं बल्कि आमजन की भी बराबर की जिम्मेदारी होती है। शायद ही कोई आम नागरिक इस जिम्मेदारी को संभालता हो। अक्सर आमजन कचरे से भरे थैली को कूड़ादान में डालने के बजाय सड़कों के किनारे फेंक देते हैं।
अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद वैभव त्रिपाठी ने बताया कि नगर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने के लिए सफाई निरीक्षकों व कर्मियों को निर्देशित किया गया है। गत वर्ष की स्वच्छता रैंक से इसबार सुधार के पूरे प्रयास किए जाएंगे।
इन स्थानों पर सर्वाधिक कूड़ा :
- सिविल लाइन चर्च के किनारे।
- प्रेम नगर में हाइडिल कालोनी गेट पर।
- तरीनपुर में ईदगाह के पास।
- मिरदही टोला में।
- मुंशीगंज में दूधनाथ मंदिर के निकट।
- दुर्गापुरवा में सरायन नदी पुल पर।
- तरणताल मार्ग के किनारे श्रम कार्यालय के पास फैला कचरा।