फ्रिज व वॉशिग मशीन नहीं मिली तो विवाहिता को पीटकर भगाया
सीतापुर मुहम्मद हयात अली अतिरिक्त दहेज में फ्रिज व वॉशिग मशीन नहीं दे पाया तो ससुराल वालों
सीतापुर : मुहम्मद हयात अली अतिरिक्त दहेज में फ्रिज व वॉशिग मशीन नहीं दे पाया तो ससुराल वालों ने उसकी बेटी को मारपीट कर घर वालों ने भगा दिया। इस मामले में पीड़ित पिता ने शुक्रवार को बेटी के पति निसार, मुस्तफा व टुन्ना के विरुद्ध मुकदमा लिखाया है। पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी विनोद मिश्र ने बताया, पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तीनों आरोपितों के विरुद्ध दहेज एक्ट के तहत मुकदमा लिखा गया है। इन आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संबंधित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
हरी रामपुर निवासी मुहम्मद हयात अली ने पुलिस को बताया है कि उसने दो साल पहले ही बेटी नफीसुन बानो का निकाह किया था। नफीसुन का निकाह लखीमपुर खीरी जिले के थाना नीमगांव के पैतला गांव के निसार से हुआ था। पीड़ित पिता ने अपने सामर्थ के मुताबिक बेटी को दान-दक्षिणा देकर विदा किया था। निकाह के बाद कुछ समय तक बेटी को ससुराल में सम्मान मिला फिर उसका पति निसार घर वालों की सह पर फ्रिज व वॉशिग मशीन की मांग करने लगा। मांग पूरी नहीं होने पर वह पत्नी नफीसुन को मारता पीटता था। उसे तरह-तरह से प्रताड़ित करता था। पीड़ित पिता ने पुलिस को बताया, उसकी बेटी काफी समय तक ससुराल की प्रताड़ना सहती रही, पर बात जब बहुत बढ़ गई तो उसने मायके में जानकारी दी। इसी बीच उसकी बेटी को निसार व उसके घर वालों ने मिलकर फिर मारापीटा और ससुराल से भगा दिया। दोबारा लौट आने पर जान से मार देने की धमकी भी दी है।