जल स्तर तो घट रहा, पर थम नहीं रही कटान
- बैराजों से छोड़े जा रहे पानी की मात्रा काफी घटी - तंबौर रेउसा व रामपुर मथुरा क्षेत्र में हो रहा नुकसान
सीतापुर : बैराजों से छोड़े जा रहे पानी की मात्रा में बीते कई दिनों से कमी देखने को मिली है। इसकी वजह से अब तक उफना रहीं घाघरा व शारदा नदी के जलस्तर में तेजी से गिरावट देखने को मिली है। जलस्तर के कम होने से बाढ़ का खतरा तो टलता नजर आ रहा है, लेकिन तटीय क्षेत्र की जमीनों का भारी नुकसान हो रहा है। नदियां तेजी से तटीय क्षेत्र के खेतों का कटान कर रही हैं।
तंबौर क्षेत्र के गांव बोधवा के निकट शारदा नदी तटीय क्षेत्र की खेती को काट रही है। जबकि रायमड़ोर में भी नदी का इसी तरह का रूप देखने को मिल रहा है। हालांकि नदी के जलस्तर में काफी गिरावट देखने को मिली है। क्षेत्र के बाशिदों का कहना है कि पिछले तीन दिनों में नदी का जलस्तर करीब 7 फिट तक नीचे खिसक गया है। रेउसा क्षेत्र में घाघरा नदी फौजदार पुरवा के निकट कटान कर रही है। यहां संपर्क मार्गों से बाढ़ का पानी नदी में खिसक गया है। बाढ़ की चपेट में आए खेतों से भी पानी तेजी से नदी की तरफ खिसक रहा है। चहलारी पुल के करीब खेतों से भी बाढ़ का पानी अब घाघरा नदी की तरफ रुख कर रहा है। क्षेत्र के बाशिदों का कहना है कि घाघरा नदी के जलस्तर में करीब 8 फिट की गिरावट देखने को मिली। रामपुर मथुरा क्षेत्र के बागस्ती गांव के निकट घाघरा नदी तेजी से तटबंध को काट रही है। यहां पर प्रशासन तटबंध को बचाने के प्रयास में जुटा हुआ है। बैराजों से छोड़ा गया पानी
गिरिजा बैराज - 57152 क्यूसेक
शारदा बैराज - 5718 क्यूसेक
बनबसा बैराज - 24453 क्यूसेक