ट्रैक्टर रैली में हंगामा, जाम, अफसरों से नोकझोंक
किसान बिल के विरोध में सड़क पर उतरे किसानों ने
सीतापुर : किसान बिल के विरोध में सड़क पर उतरे किसानों ने पुलिस व प्रशासन को खूब छकाया। बहुगुणा चौराहा और रोडवेज बस अड्डे के पास जाम लगाया। सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्राली सीतापुर जिला मुख्यालय की मुख्य सड़क पर खड़े दिखे।
किसान संगठनों और पुलिस-प्रशासन की नोकझोंक भी हुई। जिम्मेदार अफसरों ने दबाव बनाने का प्रयास किया तो किसान भड़क गए। काफी देर तक बहस चलती रही। चौराहा जाम होने से आम नागरिकों को दिक्कतों से दो चार होना पड़ा। दरअसल हुआ ये, किसान बिल के विरोध में राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन, किसान मंच, संगतिन किसान मजदूर संगठन व सिख समाज की अगुवाई में किसान जिला मुख्यालय पहुंचे थे। आरएमपी इंटर कॉलेज के सामने ग्रास फार्म में प्रदर्शन के बाद किसान अधिकारियों को ज्ञापन देने निकले। पुलिस व प्रशासन ने जब उन्हें बहुगुणा चौराहे से अंदर जाने से रोक दिया, तो चौराहे को जाम कर दिया। किसानों को आगे भेजने के बाद किसान संगठन के महामंत्री पिदर सिंह को एसडीएम सदर व सीओ सिटी ने रोक लिया और हिदायत देने लगे। इस बात पर किसान भड़क गए और हाईवे के रास्ते रोडवेज चौराहे पर पहुंचे। चौराहे को जाम कर दिया, यहां भी किसानों और पुलिस अधिकारियों के बीच बहस हुई। एडीएम विनय पाठक व एएसपी नागेंद्र प्रताप सिंह के समझाने पर किसान वापस चले गए।
कोतवाल ने कहा, आपका छज्जा तक खिचवा दूंगा
बहुगुणा चौराहे पर भी नोकझोंक हुई। किसानों के तेवर देख कोतवाल आगबबूला हो गए। उन्होंने किसान नेता पिदर सिंह से यह तक कह दिया कि आपका छज्जा तक खिचवा दूंगा। दिमाग में रखिएगा। आपका जुलूस पर कोई नियंत्रण नहीं है। कोतवाल की ये बात सुन किसान नेता भी भड़क गया और बोला कि, खिचवा दीजिए छज्जा। मैं चोरी कर रहा हूं। बाद में एसडीएम ने बीच-बचाव किया।
अड़े रहे किसान, अधिकारी दिखे परेशान
रोडवेज चौराहे पर किसी ने किसानों से गोली मारने की बात कही। इस बात पर भड़के किसानों को समझाने में अधिकारियों के पसीने छूट गए। एडीएम विनय पाठक व एएसपी एनपी सिंह ने काफी मशक्क्त के बाद किसानों को वापस जाने के लिए राजी किया।
किसानों को रोकने के लिए ट्रैक्टर के आगे खड़े हुए अफसर किसानों ने बहुगुणा चौराहे से आगे बढ़ने का प्रयास किया तो एसडीएम सदर व सीओ सिटी उन्हें रोकने के लिए ट्रैक्टर के आगे खड़े हो गए। इस दौरान काफी हंगामा हुआ।