Move to Jagran APP

किसानों ने भकुरहा पुल पर लगाया जाम, जल समाधि की चेतावनी

सीतापुर व हरदोई के अधिकारी देर शाम तक मनाने में जुटे रहे। एसडीएम महोली के साथ प्रदर्शनकारियों की नोकझोंक।

By JagranEdited By: Published: Wed, 15 Sep 2021 11:16 PM (IST)Updated: Wed, 15 Sep 2021 11:16 PM (IST)
किसानों ने भकुरहा पुल पर लगाया जाम, जल समाधि की चेतावनी
किसानों ने भकुरहा पुल पर लगाया जाम, जल समाधि की चेतावनी

सीतापुर : जर्जर गोपामऊ मार्ग निर्माण की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अवध) ने बुधवार को सीतापुर-हरदोई जिले की सीमा पर भकुरहा पुल पर जाम लगाकर धरना प्रदर्शन किया। पुल पर किसान पंचायत की। इससे दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक मार्ग जाम रहा। मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा।

loksabha election banner

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजू गुप्ता ने कहा किसानों की अनदेखी हो रही है। उनकी कोई समस्या नहीं सुनी जा रही। गोपामऊ, पिहानी व महोली मार्ग खराब है। पिहानी मार्ग पर अधिग्रहण की गई जमीन का पैसा अभी तक किसानों को नहीं मिला है। प्रदेश अध्यक्ष श्यामू शुक्ला ने कहा बेसहारा जानवर किसानों की फसल चौपट कर रहे हैं। गोशाला मजाक बनकर रह गई हैं। पिसावां में जमीन होने के बाद भी बस स्टाप नहीं बना है। गांवों में 18 घंटे बिजली नहीं मिल रही। अनेक किसान पीएम निधि से वंचित हैं। बिजली कनेक्शन के लिए किसानों को शोषण होता है। किसान समस्याओं से जूझ रहे हैं। संगठन ने एसडीएम महोली को एक मांग पत्र भी सौंपा।

सीतापुर व हरदोई के अधिकारी रहे मौजूद :

महोली एसडीएम पंकज राठौर, हरदोई सदर एसडीएम सुरभि राय, सीओ शिलाराम कुशवाहा, थानाध्यक्ष टड़ियावां उदित राय, पिसावां थानाध्यक्ष कुंवर बहादुर सिंह, जेई नीरज यादव, धीरेंद्र सिंह मौजूद रहे।

चले शब्दों के तीर..

एसडीएम महोली पंकज राठौर व संगठन अध्यक्ष राजू गुप्ता के बीच जमकर कहासुनी हुई। एसडीएम के पहुंचने पर किसानों ने कहा एसडीएम आए हैं तो अध्यक्ष ने कहा कि एसडीएम के बप्पा भी आएंगे। एसडीएम ने कहा कि उनके पिता स्वर्गवासी हो चुका है। वह जीवित होते तो यहां बुला लेते। अध्यक्ष ने कहा कि उनका आशय उनके पिता से नहीं उच्चाधिकारियों से था।

शाम तक डटे रहे किसान :

किसानों ने कहा उनकी मांग पूरी नहीं होगी तो कठिना नदी में जल समाधि लेंगे। सुबह किसान हरदोई के लिए कूच करेंगे। अधिकारी किसानों को मनाने में जुटे रहे। देर शाम तक दोनों जिलों के अधिकारी मौके पर मौजूद थे। मान-मनौव्वल का क्रम चल रहा था।

तीन घंटे बाद जाम खुला :

भकुरहा पुल पर दो से पांच बजे तक जाम लगा रहा। इस दौरान पुल के दोनों ओर वाहन खड़े रहे। पांच बजे एसडीएम महोली पहुंचे और वार्ता की। इसके बाद जाम खुल गया। तब जाकर दोनों ओर के वाहन आगे बढ़े। तीन घंटे बाद यातायात बहाल हो गया। संगठन इस बात पर अड़ा था कि उनको तत्काल निर्णय से अवगत कराएं। एसडीएम ने कहा अधिकारियों से वार्ता कर बताएंगे कब तक सड़क निर्माण शुरू होगा।

उप मुख्यमंत्री से मिलकर बताएंगे समस्या :

उप मुख्यमंत्री व लोक निर्माण मंत्री केशव प्रसाद मौर्या गुरुवार को हरदोई आ रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन (अवध) के नेताओं ने कहा कि वह प्रशासन संतोषजनक जवाब नहीं देता है तो वह सुबह पैदल हरदोई के लिए प्रस्थान करेंगे और उप मुख्यमंत्री से मिलकर समस्या बताएंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.