रेड हाट से पावर कट, छह लाख आबादी को 'झटका'
हुसैनगंज पावर हाउस के मेन बस में रेड हाट की वजह से कटौती
सीतापुर : हुसैनगंज पावर हाउस में अचानक आई तकनीकी दिक्कत ने दो घंटे का पावर कट करा दिया। इस दौरान जिला मुख्यालय और बिसवां इलाके की करीब छह लाख आबादी बिजली गुल होने से प्रभावित हुई। व्यापारियों के साथ ही घरेलू उपभोक्ताओं को भी गर्मी में कटौती से कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। दरअसल, स्थितियां गड़बड़ होने की भनक लगते ही शटडाउन लेकर मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया।
हुसैनगंज पावर हाउस में आई दिक्कत के बारे में विद्युत पारेषण खंड के अधिशासी अभियंता देवेंद्र सिंह की ओर से संदेश प्रसारित किया गया। इसमें बताया गया कि 220 केवी उपकेंद्र हुसैनगंज के 132 केवी मेन बस में रेड हाट हो रहा है। इसकी तत्काल मरम्मत जरूरी है। मरम्मत की वजह से दोपहर तीन बजे से लगाकर पांच बजे तक बिजली कटौती की सूचना दी गई। हालांकि, बिजली कटौती करीब साढ़े तीन बजे से हुई। करीब दो घंटे के भीतर ही मरम्मत का कार्य भी पूरा कर लिया गया। पहले रेड हाट की मरम्मत हुई। इसके बाद उसे चार्ज किया गया और आपूर्ति बहाल की गई। शाम करीब साढ़े पांच बजे आपूर्ति सुचारू हो गई।
उद्योग धंधे भी प्रभावित रहे
बिजली कटौती अचानक हुई। ऐसे में मुख्यालय पर उद्योग धंधे भी प्रभावित हुए। साइबर कैफे, फोटोकापी व आटा चक्की आदि से जुड़े काम पूरी तरह बंद हो गए हैं। इससे व्यापारियों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
एसी, कूलर ठप, गर्मी से सब पस्त
बिजली गुल होने की वजह से घरों में भी लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी में एसी और कूलर आदि ठप हो गए। ऐसे में गर्मी में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
वर्जन
'रेड हाट को तत्काल न ठीक किया जाता तो रात में ज्यादा दिक्कत हो जाती। इसी वजह से तत्काल शटडाउन लेकर मरम्मत कराई गई। दरअसल, वर्तमान में लाइनों पर काफी लोड है। इस वजह से ही ऐसी दिक्कतें ज्यादा आ रहीं हैं।'
- देवेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता
पारेषण खंड, सीतापुर