घड़ी की सुइयों संग बढ़ता गया इंतजार
रात आठ बजे तक भी जारी नहीं हो सका एक भी परिणाम
सीतापुर : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में इस बार सबसे ज्यादा ध्यान जिपं की जंग पर है। इस बार सियासत भी जिपं की जंग में कूदी है। भाजपा, कांग्रेस के अलावा सपा और बसपा ने भी अपने समर्थित उम्मीदवारों को जिला पंचायत सदस्य पद के लिए मैदान में उतारा है। वैसे तो मतगणना का काम शुरू हो गया लेकिन, रात तक जिपं सदस्य का एक भी परिणाम जारी नहीं हो सका।
परिणाम जारी न हो पाने से समर्थक हलकान रहे। उनके अपनों का हाल क्या है, इसे जानने के लिए काफी संख्या में लोग मतगणना केंद्र के बाहर बैठे नजर आए। इसके अलावा कुछ इंटरनेट मीडिया पर भी सक्रिय रहे। वह ग्रुपों पर रुझान जानने के लिए उत्सुक रहे। कौन आगे है, कौन पीछे है, इसे जानने के लिए लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। मतगणना से जुड़े अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि देर रात जिपं सदस्यों के परिणाम आना शुरू होंगे।
रुझान से ही खुशी और गम
चूंकि परिणाम जारी नहीं हो सके थे, इसलिए लोग अपने उम्मीदवारों के संबंध में मतगणना स्थलों पर मौजूद लोगों को काल करते नजर आए। उनसे स्थिति के बारे में पूछते रहे। आगे, पीछे की स्थिति जानकर ही लोग खुद को समझाते रहे।
शिवकुमार और जितेंद्र की जंग पर सबकी नजर
इस बार सीतापुर में सबसे जिपं सदस्य की सबसे हाईप्रोफाइल सीट वार्ड नंबर 74 को माना जा रहा है। इस सीट पर सपा से जितेंद्र यादव और भाजपा से शिवकुमार गुप्त मैदान में हैं। पिछली बार सपा से बगावत कर जिपं अध्यक्ष की कुर्सी पर विराजमान होने वाले जितेंद्र इस बार इसी दल के भरोसे हैं। दोनों के बीच टक्कर पर सबकी नजर है। इसके अलावा शिवकुमार गुप्त की बहू श्रद्धा सागर भी मैदान में हैं।