दिल्ली से आएंगे मतपत्र, बस से भेजे गए कार्मिक
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं।
सीतापुर : त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। पंचायत चुनाव में प्रयोग होने वाले मतपत्रों को लाने के लिए कार्मिकों को दिल्ली भेजा गया है। मतपत्र लाने को 25 कार्मिक बस से दिल्ली भेजे गए हैं। एक ट्रक व चार डीसीएम भी दिल्ली गई हैं। इन डीसीएम में मतपत्रों को लाया जाएगा।
दिल्ली गए कार्मिकों की जिम्मेदारी तय की गई है। मतपत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का भी इंतजाम किया गया है। बस और डीसीएम को टोल पर न रोका जाए, इसके लिए प्रशासन ने पास भी जारी किया है। बता दें कि, पंचायत चुनाव में प्रयोग होने वाले मतपत्रों की छपाई दिल्ली में कराई गई है। सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचायत सुरेश कुमार ने बताया कि, मतपत्रों को लाने के लिए कार्मिकों को दिल्ली भेजा गया है। कार्मिकों के साथ पुलिसकर्मी भी दिल्ली गए हैं।
41 कार्यालयों ने अब तक नहीं दी सूचना
पंचायत चुनाव में मतदान व मतगणना की जिम्मेदारी संभालने के लिए जिले के 514 कार्यालयों में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की सूचना मांगी गई थी। डीएम ने 31 दिसंबर तक हर हाल में सूचना भेजने और कर्मियों का ऑनलाइन फीड कराने को कहा था। इसके बावजूद जिले के 41 कार्यालयों ने अब तक सूचना नहीं दी। 473 कार्यालयों ने प्रपत्र-एक जमा किया है। 15564 कर्मचारियों का विवरण फीड किया गया है। कर्मचारियों का विवरण फीड करने में कई कार्यालय की रफ्तार कम है।
हरे रंग के मतपत्र पर पड़ेंगे प्रधानी के वोट
पंचायत चुनाव में इस बार प्रधान पद के लिए हरे रंग का मतपत्र प्रयोग किया जाएगा। ग्राम पंचायत सदस्य के लिए सफेद रंग और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए नीले रंग का बैलेट पेपर प्रयोग किया जाएगा। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए गूलाबी रंग का मतपत्र मिलेगा। मतपत्र को पदवार व चिह्न शुरुआती क्रमांक से अंतिम क्रमांक तक चेक किया जाएगा।