131 और मिले कोरोना संक्रमित, एडीएम भी चपेट में
हिद अस्पताल में 45 संक्रमित एक साथ मिलने से हड़कंप। शहर के अलग-अलग स्थानों पर मिले हैं 25 संक्रमित। बिसवां महोली कसमंडा मिश्रिख इलाके में भी मिले संक्रमित।
सीतापुर : जिले में एक बार फिर कोरोना बम फूटा। शुक्रवार को 131 कोरोना संक्रमित पाए गए। एडीएम राम भरत तिवारी भी पाजिटिव पाए गए हैं, जिनकी जांच ट्रूनेट से की गई। अकेले अटरिया के हिद अस्पताल में 45 स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित मिले हैं। अस्पताल में एक साथ 40 से ज्यादा कोरोना संक्रमित मिलने की सूचना से हड़कंप है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसेंडी, सिटी स्टेशन सीतापुर में भी एक-एक संक्रमित पाया गया।
सीएचसी अधीक्षक सिधौली ने बताया कि हिद अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मी और छात्र संक्रमित मिले हैं। जिले में सक्रिय केसों की संख्या बढ़कर 540 हो गई है। 437 संक्रमितों को होम आइसोलेट कराया गया है। 87 संक्रमितों को आइसोलेट करने की प्रक्रिया चल रही है। विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 16 संक्रमितों लखनऊ में उपचाराधीन हैं।
इन स्थानों पर मिले हैं कोविड संक्रमित :
शुक्रवार को शहर में अलग-अलग स्थानों पर 25 संक्रमित मिले हैं। शहर में रोटी गोदाम , बट्सगंज, कजियारा, चर्च रोड सिविल लाइन, खूबपुर, विकासनगर, श्यामनाथ मंदिर, प्रेमनगर व हरदोई चुंगी आदि जगहों पर संक्रमित मिले हैं। सिधौली, अटरिया, मिश्रिख, कसमंडा, खैराबाद, बिसवां, महोली, पिसावां, मछरेहटा व गोंदलामऊ में संक्रमित पाए गए।
24 घंटे में 37 रोगी स्वस्थ :
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को 2,528 लोगों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई। वहीं, 114 लोगों का सैंपल रिपीट किया गया है। इसी क्रम में सात दिन होम आइसोलेशन के बाद 24 घंटे में 37 कोरोना संक्रमित स्वस्थ हुए। बीते एक माह में स्वस्थ हुए संक्रमितों का आंकड़ा 395 पहुंच गया है। उधर, कोविड जांच के लिए शुक्रवार को 2787 लोगों का सैंपल लिया गया।