आपका मतदान, लोकतंत्र की जान
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शनिवार को इटवा तहसील मुख्यालय पर जागरूकता रैली निकाली गई।
सिद्धार्थनगर : राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शनिवार को इटवा तहसील मुख्यालय पर जागरूकता रैली निकाली गई। तहसील कर्मचारियों समेत शिक्षकों एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने प्रतिभाग किया। रैली के जरिये नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया।
दिन में 11 बजे माता प्रसाद जायसवाल इंटर कालेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपजिलाधिकारी विकास कश्यप ने सभी कर्मचारियों व छात्र-छात्राओं को मतदान के प्रति शपथ दिलाई। जिसके बाद यहां से रैली निकाली गई। आगे-आगे प्रशासनिक अमला व कर्मचारियों का समूह तो उसके पीछे स्कूली बच्चों की लंबी कतार। . आप का मतदान, लोकतंत्र की जान . मतदान हमारा अधिकार है, इससे बनती सरकार है . आदि जागरूकता नारों के बीच रैली जिधर जाती, हर किसी के लिए आकर्षक का केंद्र बन जाती। विद्यालय से निकली रैली चौराहे से होते हुए पहले बढ़नी मार्ग और उसके बाद थाना मार्ग पर गई। यहां से वापस तहसील परिसर में आकर रैली संपन्न हुई। एसडीएम ने मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने हेतु आह्वान किया। तहसीलदार अरविद कुमार, प्रधानाचार्य डा. रमाकांत द्विवेदी, एसआई रामेश्वर यादव आदि उपस्थित रहे।