हमने विकास को ही जीवन का हिस्सा बनाया: मुख्यमंत्री
स्वास्थ्य और शिक्षा ही नहीं बल्कि समग्र दृष्टिकोण से देश और प्रदेश का तेजी से विकास हो रहा है।
सिद्धार्थनगर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भगवान गौतम बुद्ध के कारण सिद्धार्थनगर की पहचान पूरी दुनिया में है। जिनके महान व्यक्तित्व और कृतित्व से लाखों लोगों में परिवर्तन हुआ। आज प्रधानमंत्री मोदी जी ने पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन किया है। भारत की ताकत बढ़ी है और देश मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा है। यह समग्र विकास का परिणाम है। हमने भी विकास को ही जीवन का हिस्सा बना लिया है।
मुख्यमंत्री सोमवार को इटवा विधान सभा क्षेत्र के बिस्कोहर में छेदी लाल इंटर कॉलेज के प्रांगण में राजकीय महाविद्यालय का शिलान्यास और एक दर्जन सड़कों का लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। कहा कि वर्ष 1947 से 2016 तक यहां इस क्षेत्र में एक भी मेडिकल कालेज नहीं बन सका। अगले सत्र से राजकीय मेडिकल कालेज में पढ़ाई के साथ ओपीडी भी शुरू हो जाएगी। कहा कि पर्यटन की दृष्टिकोण से हम मजबूत हुए हैं। इसके साथ देवीपाटन का भी विकास होगा। आजमगढ़, अलीगढ़ और सहारनपुर में तीन विश्वविद्यालय बनाने जा रहे हैं। दिव्यांग और विधवा पेंशन समय से दिए जा रहे हैं। अनुसूचित जाति-जनजाति के छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति वितरण में भी पारदर्शिता आईं है। आपने अच्छे सांसद और विधायक चुने। जिसके परिणाम में आपको मेडिकल कालेज के साथ पांच नए नगर पंचायत भी मिले। इससे रोजगार मिलेंगे और प्रति व्यक्ति की आय में भी इजाफा होगा। अपने सत्रह मिनट के भाषण में मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी वार किया। पूर्ववर्ती सरकारों और उनके जनप्रतिनिधियों को आडे़ हाथों लेते हुए कहा कि यहां कुछ भी नहीं था। मैंने चुनावी सभा में जो भी घोषणा किया वह महज ढ़ाई वर्ष में ही पूरा कर दिया। बेसिक शिक्षा मंत्री डा. सतीश द्धिवेदी का नाम लेते हुए कहा कि अच्छा और योग्य जनप्रतिनिधि चुनने पर जनता की समस्याओं का समाधान होता है। जो आपको दिख भी रहा है।