लाकडाउन के दूसरे दिन भी पसरा रहा सन्नाटा
कोरोना वायरस के चेन को तोड़ने के लिए शासन के 55 घंटे लॉकडाउन घोषणा के दूसरे दिन रविवार को सड़कों पर सन्नाटा दिखा। शहर से ग्रामीण कस्बों तक सभी दुकानें बंद रहीं। सिर्फ आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुली रही।
सिद्धार्थनगर : कोरोना वायरस के चेन को तोड़ने के लिए शासन के 55 घंटे लॉकडाउन घोषणा के दूसरे दिन रविवार को सड़कों पर सन्नाटा दिखा। शहर से ग्रामीण कस्बों तक सभी दुकानें बंद रहीं। सिर्फ आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुली रही। इक्का-दुक्का लोग सड़कों पर दिखाई दिए, जिन्हें पुलिस जवानों ने घर का रास्ता दिखाया। लोग घरों से बाहर नहीं निकले। राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। रोडवेज व प्राइवेट टैक्सी का संचालन बंद होने के कारण वह भटकते रहे।
मुख्यालय में लॉकडाउन का असर दिखाई पड़ा। सिद्धार्थ तिराहा सूना दिखाई पड़ा। लॉकडाउन में दवा, दूध, सब्जी व किराना की दुकानों को खोलने की छूट रही। इन दुकानों पर कुछ लोग खरीदारी करने के लिए गए। मुख्यालय के बांसी तिराहा, परसा तिराहा, साड़ी तिराहा, हाईडिल तिराहा आदि स्थानों पर पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी। महिला पुलिस की जवान भी बाइक व मास्क की चेकिग करती रहीं। शोहरतगढ़ कस्बा की सभी दुकानें बंद रही। बढ़नी बाजार में भी दुकानें नहीं खुली। डुमरियागंज प्रतिनिधि के अनुसार सुबह के समय लोगों की थोड़ी बहुत आवाजाही रही। दिन चढ़ने के साथ सड़को पर सन्नाटा दिखा। सोनहटी, बैदौलागढ़, शाहपुर, मन्नीजोत, भड़रिया, भवानीगंज, भारतभारी, बेवां, बढ़नीचाफा चौराहों पर पुलिस फोर्स तैनात रही। बिना काम के बाहर निकलने वालों को पुलिस ने घर वापस भेजा। एसडीएम डुमरियागंज त्रिभुवन व सीओ महेंद्र सिंह देव क्षेत्र का भ्रमण करते रहे।