महिला को थाने में गाली देने वाला दारोगा लाइनहाजिर
जमीनी विवाद में जोगिया थाने पर पहुंची महिला के साथ दारोगा ने भीम सिंह ने अपशब्दों का प्रयोग किया।
महिला को थाने में गाली देने वाला दारोगा लाइनहाजिर
सिद्धार्थनगर : भूमि विवाद में फरियाद लेकर जोगिया थाने पर पहुंची महिला के साथ उपनिरीक्षक (दारोगा) भीम सिंह ने अपशब्दों का प्रयोग किया। पीड़ित महिला ने जब गाली देने पर विरोध जताते हुए मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया तो दारोगा ने उसे धक्का देकर गिरा दिया। घटना से जुड़ी वीडियो वायरल होते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित कुमार आनंद ने आरोपित दारोगा को लाइनहाजिर कर दिया।
कपिया गांव निवासी कुसुम पति राधेश्याम का पड़ोसी से भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। इससे जुड़ी तहरीर महिला के पति ने पुलिस को तीन दिन पहले दिया था। मामले में हुई कार्रवाई जानने के लिए महिला थाने गई थी। आरोपित दारोगा ने उससे कहा कि तुम्हाने पति ने तहरीर दिया है तो उसे लेकर थाने में आओ। महिला ने कहा कि उसके पति कटहना गांव में रोजगार सेवक के पद पर तैनात हैं। वह ड्यूटी गए हैं, जिसकी वजह से वह नहीं आ पाए। इसके बाद दारोगा ने अपशब्द कहते हुए उसे मारने के लिए आगे बढ़े। इसे देख महिला ने विरोध जताते हुए कहा कि साहब गाली क्यों दे रहे हैं। इससे दारोगा आगबबूला हो गए। वह महिला को गाली देते हुए मारने के लिए दौड़े। इसे महिला ने अपनी मोबाइल में रिकार्ड कर लिया। महिला का आरोप है दारोगा ने उसकी मोबाइल छिनने का प्रयास किया।
गालीबाज दारोगा के नाम से थी पहचान : जोगिया थाने में तैनात लाइनहाजिर किए गए दारोगा की पहचान क्षेत्र में गालीबाज के तौर पर थी। वह फरियादियों के साथ अभद्रता करने से नहीं चूकते थे। ऐसी चर्चा थाना क्षेत्र में हो रही है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने कहा की सभी पुलिसकर्मी को कानून की परिधि में रहकर कार्य करना है। नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं होगी। आरोपित दारोगा को महिला के साथ अभद्रता करने के आरोप में लाइनहाजिर कर दिया गया है।