हैंडपंप खराब होने से पेयजल की किल्लत
लोगों ने मरम्मत के लिए प्रधान से लेकर ब्लाक स्तरीय अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया लेकिन समस्या दूर करवाने की जहमत किसी ने नहीं उठाई। थक हार कर अब कुछ घरों में कम गहराई वाले देसी हैंडपंप लोगों ने लगवाया है। लोगों की शिकायत है कि उन्हें पेयजल नहीं मिल रहा है जिसके चलते वह लोग संक्रमित बीमारियों से जूझते रहते हैं।
सिद्धार्थनगर : खुनियांव विकास खंड के ग्राम पंचायत कटेश्वरनाथ के अनुसूचित बस्ती में लगा इकलौता इंडिया मार्क हैंडपंप एक वर्ष से खराब पड़ा है, जिसकी सुधि न तो ग्राम प्रधान ले रहे और न ही जिम्मेदार महकमा। टोले के लोग कम गहराई वाले देसी हैंडपंप का पानी पीने को मजबूर हैं। समस्या से लोगों ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया है।
कटेश्वरनाथ ग्राम पंचायत ऐतिहासिक शिवमंदिर के कारण विख्यात है, लेकिन यहां के लोग बुनियादी सुविधाओं की बाट जोह रहे हैं। गांव के अनुसूचित बस्ती में एक दर्जन घरों में लगभग 30 से अधिक लोग रहते हैं। टोले के लोगों को पेयजल मिल सके इसके लिए तीन वर्ष पहले हृदय लाल गौतम के घर के निकट इंडिया मार्क हैंडपंप लगाया गया। यह एक वर्ष से हैंडपंप खराब है। लोगों ने मरम्मत के लिए प्रधान से लेकर ब्लाक स्तरीय अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया, लेकिन समस्या दूर करवाने की जहमत किसी ने नहीं उठाई। थक हार कर अब कुछ घरों में कम गहराई वाले देसी हैंडपंप लोगों ने लगवाया है। लोगों की शिकायत है कि उन्हें पेयजल नहीं मिल रहा है जिसके चलते वह लोग संक्रमित बीमारियों से जूझते रहते हैं। प्रिस मिश्रा, श्यामसुंदर, राकेश, बजरंगी, सुंदर गौतम आदि ने सीडीओ को शिकायती पत्र भेज कर समस्या के निदान की मांग की है।