पौधों को संरक्षित करें पुलिसकर्मी: एसपी
सिद्धार्थनगर: वन महोत्सव सप्ताह के तहत पुलिस अधिकारियों ने पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण किया। एसपी अमित कुमार आनंद ने पीपल का पौधा लगाया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि पौधों के लगाने के साथ इनके संरक्षण की जरूरत है। इनसे मिलने वाले आक्सीजन से सभी की जिंदगी चलती है। एएसपी ने पौधारोपण के पश्चात कहा कि पुलिस लाइन में तैनात कर्मी इसकी नियमित देखभाल करें। सीओ सदर प्रदीप कुमार यादव, राणा महेंद्र प्रताप सिंह, अखिलेश कुमार वर्मा ने भी पौधे लगाए। सभी पौधों को लोहे की जाली लगाकर घेराबंदी की गयी। सदर थाना प्रभारी शशांक सिंह ने थाना परिसर में पौधे रोपित किये। उपनिरीक्षक चंदन कुमार आदि मौजूद रहे।
शिक्षकों ने पौधारोपण की महत्ता पर डाला प्रकाश
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय परिसर में मंगलवार को पौधारोपण किया गया। नवागत कुलसचिव ने वन महोत्व सप्ताह का शुभारंभ किया। शिक्षकों ने वृक्षों की महत्ता पर प्रकाश डाला। लोगों को पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
कुलसचिव अमरेंद्र सिंह ने कहा कि सभी लोगों को पौधे लगाना चाहिए। जितना जीवन के लिए जल आवश्यक है, उतना ही आक्सीजन। बिना आक्सीजन के इस धरती पर जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। सर्वाधिक मात्रा में आक्सीजन का उत्सर्जन वृक्ष ही करते हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार ने भी वृहद रूप में इसे लागू किया है। हरे वृक्ष काटना सामाजिक अपराध की श्रेणी में आता है। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डा. दिनेश प्रसाद ने कहा वन महोत्सव में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रैली निकाल कर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इन्हें बताया जाएगा कि अगर जीवन को सुरक्षित रखना है तो पेड़ काटना बंद करें और नए पौधे रोपित करें। यह आने वाली पीढ़ी के लिए लाभकारी होंगे। डा. नीता यादव, डा. अविनाश प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।