राम का चरित्र सभी के लिए अनुकरणीय : राघवेंद्र
बढ़नी चाफा बाजार में चल रहे ग्यारह दिवसीय रामलीला का समापन हो गया। कार्यक्रम में विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने भी हिस्सा लिया।
सिद्धार्थनगर: बढ़नी चाफा बाजार में चल रहे ग्यारह दिवसीय रामलीला का समापन हो गया। कार्यक्रम में विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम सामाजिक सौहार्द के लिए जरूरी है। भगवान राम का पूरा जीवन हमारे लिए अनुकरणीय है। रामलीला हमें भगवान के चरित्र को समझाने में मददगार साबित होती है। सभी जगहों पर इस तरह के आयोजन होने चाहिए। अंतिम दिन की रामलीला में रावण के बीच संग्राम के बाद लंका विजय और राम के अयोध्या वापसी व राज्याभिषेक का मंचन हुआ। कलाकारों द्वारा राम राज्याभिषेक की झांकी प्रस्तुत का गई। जिसे देख दर्शक हर्षित हो उठे। रामलीला के मंचन में भगवान राम, लक्ष्मण व सीता अपने बंदर सेना के साथ पुष्पक विमान पर सवार होकर चौदह वर्ष के बाद अयोध्या वापस लौटते हैं। जहां राम को देख अयोध्यावासी फूले नहीं समाते हैं। अयोध्या में पूरे जोर-शोर से उनका स्वागत किया जाता है। भगवान राम की आने की सूचना पाकर भरत खुशी से दौड़ते उनसे मिलने के लिए चल दिए। इसी क्रम में गुरू वशिष्ठ के निर्देश पर राम व सीता का मंत्रोचार के बीच राज्याभिषेक किया गया। रामराज्य में एक माह बीत जाने के बाद सुग्रीव समेत बानरी सेना को विनम्रता पूर्ण विदा किया गया। इस मौके पर मेले का आयोजन भी किया गया। जिससे पूरी रात चहल पहल बनी रहीं।