लौट आया मानसून, उफान पर पहाड़ी नदी व नाले
मानसून लौट कर आ गया है। गुरुवार को भी पूरे दिन झमाझम बारिश होती रही। किसानों के चेहरे पर मुस्कान दिखने लगी है। बाजार में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। उफान पर पहाड़ी नदी व नाले आ गए है।
सिद्धार्थनगर : मानसून लौट कर आ गया है। गुरुवार को भी पूरे दिन झमाझम बारिश होती रही। किसानों के चेहरे पर मुस्कान दिखने लगी है। बाजार में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। उफान पर पहाड़ी नदी व नाले आ गए है। बाढ़ का संकट भी खड़ा हो गया है। कूड़ा नदी लाल निशान से दस सेमी ऊपर बह रही है। 12 घंटे में 2.90 मीटर जलस्तर में बढ़ोत्तरी हुई है। घोघी के स्तर में 3.50 मीटर बढ़ोत्तरी हुई। यह लाल निशान से 30 सेमी नीचे बह रही है। बूढ़ी राप्ती 1.27 मीटर बढ़ी है। तेलार नाला का पानी 3.400 मीटर बढ़ा है। यह लाल निशान से एक मीटर नीचे है। राप्ती भी 63 सेमी बढ़ी है। जमुआर नाला 67 सेमी ऊपर चढ़ा है।
सिचाई विभाग के अनुसार बांसी गेज पर सर्वाधिक 124.09 मिमी बारिश दर्ज की गई है। ककरही गेज में 120.04 व बानगंगा पर 95 मिमी बारिश हुई है। अधिशासी अभियंता ड्रेनेज आरके नेहरा ने कहा कि नदियों के जलस्तर पर निगाह रखी जा रही है। आलमनगर में कूड़ा नदी लाल निशान के ऊपर बह रही है। घोघी भी खतरे के निशान की ओर बढ़ रही है। बूढ़ी राप्ती व राप्ती भी बढ़ रही है। तेलार नाला में पहाड़ का पानी आया है। बानगंगा बैराज के जलस्तर पर निगाह रखी जा रहा है। नेपाल प्रशासन से संपर्क किया गया है।