मोहाना-उसका मार्ग बदहाल, मुसीबत में ग्रामीण
21 किमी लंबा मोहाना-उसका बाजार बदहाल है। पूरा मार्ग गड्ढों तब्दील हो चुका है। दो दशक में भी इसकी मरम्मत भी नहीं कराई गई है। इस सड़क पर वाहन चलना तो दूर पैदल भी सफर करना दूभर हो गया है।
सिद्धार्थनगर : 21 किमी लंबा मोहाना-उसका बाजार बदहाल है। पूरा मार्ग गड्ढों तब्दील हो चुका है। दो दशक में भी इसकी मरम्मत भी नहीं कराई गई है। इस सड़क पर वाहन चलना तो दूर पैदल भी सफर करना दूभर हो गया है। मानसून में हालात बद से बदतर हो जाता है। ग्रामीणों ने इसकी मरम्मत कराने के संबंध में कई बार अधिकारियों से मांग की, लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी।
मोहाना-उसका बाजार मार्ग दो राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ती है। वर्ष 1978 में निर्मित यह सड़क पर कई बार मरम्मत के नाम पर कुछ काम तो हुआ लेकिन कभी इसकी हालात नहीं सुधरी। हाल के समय में ग्राम पंचायत की ओर से गड्ढों में ईंट का टुकड़ा भरा गया, लेकिन विभाग ने कोई काम नहीं किया गया। दो पहिया वाहन से गिरने के कारण कई लोग चोटिल हो चुके हैं। सबसे ज्यादा परेशानी बालिका व छोटे बच्चों को होती है।
मैनुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि सड़क का निर्माण 1978 में किया गया था। स्थानीय लोगों बताते हैं कि इस संबंध में ग्रामीणों ने कई बार जनप्रतिनिधि व अधिकारियों से मांग की, लेकिन किसी ने मार्ग को बनाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। ग्राम प्रधान नसीम अहमद का कहना है कि लोकसभा का चुनाव हो या विधानसभा, अधिकांश का मुद्दा यही सड़क बनती है। चुनाव हो जाने के बाद इस मार्ग के बारे में कोई राजनेता सोचता तक नहीं है। इससे यह सड़क कई वर्ष से बदहाल है। सड़क पर जगह जगह जलभराव बना रहता है।
योगेंद्र चौधरी ने बताया कि सड़क पर जलभराव की समस्या आम बात है। बड़े वाहन फंसने से घंटों तक जाम लगा रहता है। गड्ढा मुक्त सड़कों के लिए चल रहे अभियान में पीडब्ल्यूडी विभाग ने इसे चयनित नहीं किया। यह सड़क हमेशा उपेक्षित रह जाती है। राकेश चौधरी का कहना है कि सड़क पर पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से सिर्फ खानापूर्ति ही किया जाता रहा है। लेपन का कार्य तो किया गया लेकिन मानक का ध्यान नहीं रखा। गड्ढों को भी नहीं भरा गया। इस कारण सड़क की स्थिति खराब बनी रह गई। अधिशासी अभियंता अशोक प्रेमी ने कहा कि मोहाना-उसका मार्ग का मरम्मत का कार्य कराया जाता है। इस सड़क के फिर से निर्माण के लिए शासन से पत्राचार किया गया हैं। स्वीकृति मिलने पर कार्य कराया जाएगा।