धोखाधड़ी का अंतरराज्यीय मास्टर माइंड गिरफ्तार
मोबाइल टावर लगाने के नाम पर खाते में पैसा मंगाकर धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने मास्टर माइंड को गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण करीब छह महीने पहले का है।
सिद्धार्थनगर : मोबाइल टावर लगाने के नाम पर खाते में पैसा मंगाकर धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने मास्टर माइंड को गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण करीब छह महीने पहले का है। जिसमें पहले ही दो आरोपित पुलिस पकड़ में आ चुके हैं। पुलिस को मास्टर माइंड की तलाश थी।
योगेन्द्र कुमार कटरिया निवासी मोहम्मदपुर थाना ईसानगर जनपद लखीमपुर खीरी अपने साथियों के साथ लोगों से मोबाइल टावर लगाने के नाम पर ठगी करता था। जिनके झांसे में त्रिलोकपुर थानान्तर्गत ग्राम छगरिहवा निवासी दीन दयाल सोनी आ गए। इनसे मोबाइल टावर लगाने का झांसा देकर 60 हजार रुपया खाते में मंगा लिया था। पीड़ित ने इसकी शिकायत थाने पर करते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। जांच में जुटी टीम को पिछले दिनों उस वक्त कामयाबी मिली, जब दिल्ली और गुजरात से दो आरोपित को गिफ्तार किया गया। मगर मास्टर माइंड पुलिस की पकड़ से दूर रहा। पुलिस को काफी दिनों से मास्टर माइंड की तलाश थी। मास्टर माइंड सिद्धार्थनगर अपने मुकदमें के बारे में जानकारी करने शनिवार को आया था। भनक लगते ही थानाध्यक्ष विजय कुमार दुबे के नेतृत्व में उप निरीक्षक रमाकांत सरोज, आरक्षी प्रेमचंद की गठित टीम ने बुड्ढी खास तिराहे के पास से उसे धर दबोचा। थानाध्यक्ष ने बताया कि अगली कार्रवाई के लिए आरोपित को न्यायालय भेजा गया है।