प्रदेश सरकार ने किया किसानों का विकास
किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री घनश्याम सिंह पटेल ने कहा कि किसानों का जितना विकास इस सरकार में हुआ उतना विकास कभी नहीं हुआ। एक तरफ अयोध्या में जय श्रीराम हो रहा है तो बनारस में बम भोले के जयकारे गूंज रहे हैं। अब मथुरा में भी राधेश्याम की बारी है।
सिद्धार्थनगर : किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री घनश्याम सिंह पटेल ने कहा कि किसानों का जितना विकास इस सरकार में हुआ, उतना विकास कभी नहीं हुआ। एक तरफ अयोध्या में जय श्रीराम हो रहा है तो बनारस में बम भोले के जयकारे गूंज रहे हैं। अब मथुरा में भी राधेश्याम की बारी है।
पटेल भवानीगंज कस्बे के कटहरी बाग में किसान सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रयास से गरीबों और किसानों के हित में लगातार काम हो रहे हैं। पहले गांव को जाने वाले मार्ग कच्चे थे। प्रधानमंत्री ने गांव को जाने वाले मार्ग को पक्की सड़क से जोड़ा। आजादी से लेकर आज तक किसान को लोग भगवान कहते थे, लेकिन उनके साथ सौतेला व्यवहार किया जाता था। सांसद सलेमपुर रवींद्र कुशवाहा ने कहा कि पहले फसल नष्ट होने पर पूरा मुआवजा नहीं मिलता था। प्रधानमंत्री के सहयोग से 33 फीसदी फसल नष्ट होने पर भी किसानों को फसल का पूरा मुआवजा मिल रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोविद माधव ने कहा कि उत्तर प्रदेश को बंगाल न बनने दें। जहां भाजपा की सरकार बनने वाली थी, लेकिन ममता के गुण्डों ने लाठी-डंडे के बल पर भाजपा के लोगों को वोट डालने के लिए नहीं जाने दिया। सम्मेलन को गोंडा जनपद के गौरा विधायक प्रभात वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष बस्ती संजय चौधरी ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता कर रहे विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। नरेंद्र मणि त्रिपाठी, रमेश पाण्डेय, राजकुमार वर्मा, राजेश द्विवेदी, विनोद कौशल, मधुसूदन अग्रहरि, धर्मराज वर्मा आदि मौजूद रहे।