महंगाई से जनता परेशान : माता प्रसाद
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि महंगाई से आम जनता की कमर टूट रही है। इससे निपटने के लिए सरकार की ओर से कोई प्रयास तक नहीं किए जा रहे हैं। यूपी चुनाव में भाजपा सरकार के ताबूत में महंगाई अंतिम कील साबित होगी। जनता इससे काफी परेशान है।
सिद्धार्थनगर : पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि महंगाई से आम जनता की कमर टूट रही है। इससे निपटने के लिए सरकार की ओर से कोई प्रयास तक नहीं किए जा रहे हैं। यूपी चुनाव में भाजपा सरकार के ताबूत में महंगाई अंतिम कील साबित होगी। जनता इससे काफी परेशान है।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गुरुवार को इटवा क्षेत्र के ग्राम डोकम अमया में आयोजित जन चौपाल को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कितनी विडंबना है कि सरकार किसानों की हितैषी बन रही और उनकी आय दोगुनी करने दावा कर रही है, मगर उनके हितों पर आंख बंद किए हुए हैं। डीजल की महंगाई से खेती-किसानी महंगी हो गई। धान खरीद की स्थिति है कि अधिकांश केंद्र पर ताला लटक रहा है। कहीं खरीद भी हो रही है तो किसानों को खुद ही बोरे की व्यवस्था करनी पड़ रही है। बोआई के मौसम में पहले बीज के लिए किसान परेशान हुए तो अब डीएपी और यूरिया के लिए भटक रहे हैं। पूरा सरकारी तंत्र मूक दर्शक बना है। प्रदेश सचिव अजय चौधरी, जिला महासचिव कमरूज्जमां ने भी संबोधित किया। बेचई यादव, बब्बू तिवारी, प्रेम प्रकाश पाण्डेय, राम पाल शुक्ला, गुलाम अली, देवेंद्र प्रताप सिंह, विजय गौड़, हरि शंकर तिवारी, रमापति पाण्डेय आदि मौजूद रहे। ग्राम प्रधान उपचुनाव में 20 को होगा मतदान सिद्धार्थनगर : राज्य निर्वाचन आयोग ने बुधवार को ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य के रिक्त पद पर उपचुनाव का समय सारणी जारी किया। जिले में एक ग्राम प्रधान व 222 ग्राम पंचायत सदस्य का पद रिक्त है। इन पदों पर चुनाव होना है। क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत सदस्य के रिक्त पद का उपचुनाव का रोस्टर अभी जारी नहीं हुआ है। ग्राम पंचायत सदस्य के 13 सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। इनके रिक्त रहने की संभावना व्यक्त की जा रही है। भनवापुर को छोड़ कर अन्य सभी ब्लाक में चुनाव है।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि जोगिया ब्लाक के ग्राम पंचायत लखनापार में प्रधान पद पर चुनाव है। यह पद अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित है। 12 दिसंबर से चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। संबंधित ब्लाक परिसर में इस दिन नामांकन होगा। 13 को नामांकन पत्रों की जांच व चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पूरी होगी। 20 तारीख को मतदान व 21 दिसंबर को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया जाएगा। चुनाव संपन्न कराने के लिए निर्वाचन अधिकारी व इनके सहायक की नियुक्ति कर दी गई है।