अब बीईओ की निगरानी में होगा राशन वितरण
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने निश्शुल्क राशन वितरण योजना में खंड शिक्षाधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी है। वह कोटेदार के गोदाम की निगरानी करेंगे। वितरण की पारदर्शिता के संबंध में अपनी रिपोर्ट प्रशासन को भेजेंगे। इनके अलावा अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।
सिद्धार्थनगर : जिलाधिकारी दीपक मीणा ने निश्शुल्क राशन वितरण योजना में खंड शिक्षाधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी है। वह कोटेदार के गोदाम की निगरानी करेंगे। वितरण की पारदर्शिता के संबंध में अपनी रिपोर्ट प्रशासन को भेजेंगे। इनके अलावा अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। जुलाई में प्रथम चक्र का वितरण 15 तारीख तक चलेगा। सुबह छह से रात नौ बजे तक राशन वितरण किया जाएगा।
कोविड-19 के कारण लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। केंद्र ने विपरीत परिस्थितियों से निपटने के लिए गरीब व जरूरतमंदों को राहत देने का निर्णय किया है। सभी राशन कार्ड धारकों को तीन माह तक निश्शुल्क राशन देने का निर्णय लिया गया है। अंत्योदय व पात्र गृहस्थी लाभार्थियों में निश्शुल्क खाद्यान्न वितरण होना है। पात्र वंचित नहीं रह जाए इसके लिए विभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य विभाग के अधिकारियों को भी जिम्मेदारी दी गयी है। अंत्योदय पात्रों को 35 किलो प्रति कार्ड व पात्र गृहस्थी को पांच किलो प्रति यूनिट राशन मिलेगा।
राशन वितरण में होगा कोविड प्रोटोकाल का पालन
निश्शुल्क राशन वितरण में कोविड प्रोटोकाल का पालन कराया जाएगा। राशन वितरण के दौरान कोरोना प्रोटोकाल का पालन कराया जाएगा। सभी लोगों को मास्क पहनकर अनिवार्य है। कोटेदार को दुकान पर सैनिटाइजर व साबुन की व्यवस्था करना होगा। ई-पाश मशीन में अंगूठा लगाने वाले स्थान को हमेशा सैनिटाइज करना होगा। उपभोक्ता एक मीटर की दूरी बनाकर लाइन लगाएंगे।
जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश मिश्रा ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश पर निश्शुल्क राशन वितरण में पूर्ण रूप से पारदर्शिता बरती जा रही है। अन्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों को नोडल अधिकारी के रूप में तैनात किया गया है। यह वितरण से संबंधित रिपोर्ट प्रतिदिन प्रशासन व विभाग को दी जाएगी।