अध्यक्ष पद के लिए पांच प्रत्याशी आमने-सामने
सिविल सिद्धार्थ बार एसोसिएशन के चुनाव में गुरुवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रपत्रों की जांच की गई। सभी प्रत्याशियों के पर्चे वैध पाए गए। अब अध्यक्ष पद पर पांच प्रत्याशी आमने-सामने हैं।
सिद्धार्थनगर : सिविल सिद्धार्थ बार एसोसिएशन के चुनाव में गुरुवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रपत्रों की जांच की गई। सभी प्रत्याशियों के पर्चे वैध पाए गए। अब अध्यक्ष पद पर पांच प्रत्याशी आमने-सामने हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर दो, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पर एक, महामंत्री पर तीन, कोषाध्यक्ष पर तीन, संयुक्त मंत्री सूचना प्रसारण पर दो, संयुक्त मंत्री प्रशासनिक पर दो, वरिष्ठ कार्यकारिणी के लिए एक व कनिष्ठ कार्यकारिणी के लिए चार प्रत्याशी मैदान में हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त राम शंकर सिंह व रमेश कुमार पांडेय ने संयुक्त रूप से बताया कि अध्यक्ष पद के लिए रामशंकर पांडेय, राधेश्याम मिश्रा, जमील अहमद सिद्दीकी, अंजनी कुमार दुबे व सत्य प्रकाश श्रीवास्तव मैदान में हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पर रामचंद्र चौधरी और जयप्रकाश मिश्रा ने नामांकन किया है। महामंत्री पद के लिए त्रिकोणीय संघर्ष है, इसमें सिद्धनाथ पांडेय, राजेश कुमार मिश्रा व दिव्य प्रकाश शुक्ला के बीच होगा। कोषाध्यक्ष पद के लिए सच्चिदानंद झा, विजय कुमार शुक्ला व रविशंकर शुक्ला के बीच मुकाबला है। संयुक्त मंत्री सूचना प्रसारण के लिए आमने-सामने की लड़ाई में शेषमणि प्रजापति व सचिन श्रीवास्तव हैं। संयुक्त मंत्री प्रशासनिक पद पर अवनीश कुमार द्विवेदी व अंकित चौधरी मैदान में हैं। बार एसोसिएशन में 22 पद पर चुनाव होना है। 23 लोगों ने नामांकन दाखिल किया है। उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए किसी ने भी पर्चा दाखिल नहीं किया है। वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के छह पदों के लिए केवल एक और कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के छह पदों के सापेक्ष चार ने नामांकन किया है। उपाध्यक्ष के दो पद पर पर्चा दाखिल नहीं होने के कारण यह रिक्त रह गए हैं। संयुक्त मंत्री पुस्तकालय पर भी किसी ने पर्चा नहीं दाखिल किया है। कनिष्ठ उपाध्यक्ष, वरिष्ठ कार्यकारी सदस्य व कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पद पर निर्विरोध निर्वाचित होने की पूर्ण संभावना है।