दबंगों ने ढहाया निर्माणधीन सामुदायिक शौचालय की नींव
मोहाना थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बर्डपुर नंबर पांच के टोला अमहवा में शनिवार को दबंगों ने निर्माणाधीन सार्वजनिक शौचालय की नींव को ढहा दिया। वहां रखे निर्माण सामग्री को भी उठा ले गए।
सिद्धार्थनगर : मोहाना थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बर्डपुर नंबर पांच के टोला अमहवा में शनिवार को दबंगों ने निर्माणाधीन सार्वजनिक शौचालय की नींव को ढहा दिया। वहां रखे निर्माण सामग्री को भी उठा ले गए। ग्राम प्रधान ने मामले की जानकारी ब्लाक के अधिकारियों के साथ ही पुलिस को भी दी है।
ग्राम प्रधान विजय चौरसिया ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायत में सामुदायिक शौचालय बन रहा है। तहसील की राजस्व टीम ने जमीन की पैमाइश की थी। चिह्नित भूमि पर ही शौचालय बनाया जा रहा है। कुछ लोगों ने इसपर आपत्ति दर्ज कराई थी। नींव को उखाड़ने से सरकारी धन की हानि हुई है। एडीओ पंचायत बर्डपुर रामप्यारे ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पता कराया जा रहा है कि मामला क्या है। एसओ मोहाना राधेश्याम राय ने बताया कि ग्राम प्रधान ने मौखिक सूचना दी है। तहरीर मिलने पर पुलिस कार्रवाई करेगी।