देर रात महोत्सव का रंगारंग समापन, 10 दिन चलेगा मेला
सांसद ने कहा कि कपिलवस्तु महोत्सव ने पूरे विश्व में अपनी पहचान बनाई है। यहां होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध कलाकार प्रतिभाग करने के लिए आतुर रहते हैं। यह इसकी लोकप्रियता को दर्शाता है। इस कार्यक्रम को वर्ष 2022 में और भी भव्य रूप से मनाया जाएगा।
सिद्धार्थनगर : सांसद जगदंबिका पाल ने बुधवार की देर रात करीब साढ़े बारह बजे कपिलवस्तु महोत्सव के सांस्कृतिक व रंगारंग कार्यक्रम के समापन की औपचारिकता पूरी की। अगले वर्ष जनपद का स्थापना दिवस और भी भव्य रूप से मनाने का संकल्प लिया। आखिरी कार्यक्रम के रूप में बालीवुड गायक सुखविदर सिंह का गायन हुआ। हालांकि मेला दस दिनों तक चलेगा। स्टाल व झूला यथावत चलते रहेंगे।
सांसद ने कहा कि कपिलवस्तु महोत्सव ने पूरे विश्व में अपनी पहचान बनाई है। यहां होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध कलाकार प्रतिभाग करने के लिए आतुर रहते हैं। यह इसकी लोकप्रियता को दर्शाता है। इस कार्यक्रम को वर्ष 2022 में और भी भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस वर्ष विधानसभा चुनाव व आदर्श आचार संहिता लागू होने की संभावना को देखते हुए पहले ही संपन्न कराया गया। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने आभार प्रकट करते हुए कहा महोत्सव को सकुशल संपन्न कराने में सभी वर्ग ने उल्लेखनीय सहयोग प्रदान किया है। बालीवुड गायक सुखबिदर सिंह ने कार्यक्रम की शुरूआत वर्ष 2008 में आई फिल्म रब ने बना दी जोड़ी का प्रसिद्ध गीत होले-होले हो जाए प्यार से की। इसके बाद साथी गायिका के साथ वर्ष 1998 में आई दिल से फिल्म का युगल गीत चल छईयां छईयां छईयां सुनाया। इसके बाद आ जा मटकी फोड़े पर लोगों को थिरकने के लिए मजबूर किया। दबंग फिल्म के गाना हूड दबंग-दबंग स्थानीय लोगों की जुगलबंदी से गाया। मंदीप सिंह और नवीन श्रीवास्तव की पुत्री अनन्या को मंच पर बुलाया और उनके साथ अन्य बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। जैसे ही बीड़ी जलाई ले जिगर से पिया को शुरू किया, श्रोता झूमने के लिए मजबूर हो गए। इसके बाद एक के बाद एक गीतों को परोसते चले गए। विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही ने कार्यक्रम में सुरक्षा की बेहतरी के लिए एएसपी सुरेश चंद्र रावत को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम के अंत में सांसद पाल ने सुखबिदर और उनकी पूरी टीम को कालानमक का चावल भेंट किया और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। सांसद की पत्नी स्नेहलता पाल, डीएम की पत्नी मनीषा मीणा, पुलिस अधीक्षक की पत्नी प्रियंका सिंह आदि मौजूद रहे।