गोशाला खाली ,सड़कों पर रहते बेसहारा पशु
जनपद मुख्यालय से सटे क्षेत्र का पकड़ी चौराहा आसपास के क्षेत्रों में बेसहारा पशुओं का अड्डा बन चुका है।
सिद्धार्थनगर : जनपद मुख्यालय से सटे क्षेत्र का पकड़ी चौराहा आसपास के क्षेत्रों में बेसहारा पशुओं का अड्डा बन चुका है। छोटे बड़े वाहन चालकों एवं राहगीरों के लिए यह पशु सिरदर्द बन चुके हैं। क्षेत्र में बनी गोशाला खाली है। मवेशी अक्सर सड़क के दोनों ओर तो कभी बीचोबीच झुंड में खड़े रहते हैं। इनके अचानक सड़क पर आ जाने से राहगीर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। दिन में मवेशियों की नजर किसानों की फसल पर होती है। मौका मिलते ही यह किसानों की गाढ़ी कमाई को चट करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ते हैं। शाम ढलते ही इनका झुंड उसका-नौगढ़ मुख्य मार्ग आश्रय स्थल होता है। यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव प्रदीप ठकुराई, राकेश दत्त त्रिपाठी, चंद्रमणि त्रिपाठी, देवदत्त, दुर्गादीन, रमेश आदि लोगों का कहना है कि पशुओं को गोआश्रय में पहुंचाने का कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। जिम्मेदार
अधिकारियों के उदासीनता के चलते कभी-कभी राहगीर तो कभी गोवंशीय को जिदगी से हाथ धोना पड़ रहा है। एसडीएम सदर उमेश चंद्र निगम का कहना है कि यदि सड़क पर पशु घूमते मिले तो गोशाला प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।