इटवा तहसील कार्यालय में मिले चार नए केस
शुक्रवार को इटवा तहसील में कोरोना से कई लोग संक्रमित मिले हैं। यहां एक अधिवक्ता व तीन तहसीलकर्मी पाजिटिव पाए गए। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की एक महिला कर्मचारी और उनका तीन वर्ष का बेटा भी संक्रमित मिला है। सभी को होम आइसोलेशन में भेजा गया है।
सिद्धार्थनगर : शुक्रवार को इटवा तहसील में कोरोना से कई लोग संक्रमित मिले हैं। यहां एक अधिवक्ता व तीन तहसीलकर्मी पाजिटिव पाए गए। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की एक महिला कर्मचारी और उनका तीन वर्ष का बेटा भी संक्रमित मिला है। सभी को होम आइसोलेशन में भेजा गया है।
तहसील में तैनात कानूनगो की रिपोर्ट गुरुवार सायं पाजिटिव आई थी। जिसके बाद यहां शुक्रवार को 83 लोगों को जांच कराई गई। जिसमें तीन और पाजिटिव पाए गए। इसमें एक राजस्व लेखपाल, यहीं के कम्प्यूटर आपरेटर व एक अधिवक्ता शामिल हैं। रिपोर्ट आने के बाद तहसील कार्यालय एवं परिसर को सैनिटाइज्ड कराया गया। सभी कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं से सावधानी बरतने एवं ज्यादा से ज्यादा लोगों से जांच कराने को कहा गया। एसडीएम उत्कर्ष श्रीवास्तव ने कहा कि तहसील कार्यालय में चार कोरोना संक्रमित मिले हैं। सभी को होम आइसोलेशन के लिए भेजा गया है। तहसील को सैनिटाइज्ड कराया गया। नागरिकों से अपील की कि सभी लोग सतर्कता बरतें। रात नौ बजे से सुबह छह बजे नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। इसका पालन करें। दिन में भी बहुत जरूरी हो, तभी घरों से बाहर निकलें। मास्क लगाएं, भीड़ कहीं भी न लगाएं।
कोरोना से बचाव के लिए नहीं बरत रहे सतर्कता सिद्धार्थनगर : कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इसे रोकने में आवश्यक कदम उठाने में प्रशासन लापरवाह बना हुआ है। शुक्रवार को जोगिया कस्बे में लगी साप्ताहिक बाजार में सैकड़ों लोग बिना मास्क लगाए घूमते रहे। दो गज की दूरी का भी जरा सा ख्याल नहीं रहा। इसे रोकने के लिए न तो पुलिस ने कोई कार्रवाई की न ही स्वास्थ्य विभाग ने। इसी तरह ब्लाक कार्यालय में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में दांव आजमा रहे लोग भी कोविड नियमों का पालन नहीं करते दिखे। क्षेत्र में पुलिसकर्मी भी मास्क लगाने की जहमत नहीं उठा रहे हैं। कोरोना की लड़ाई में सभी का सहयोग जरूरी : सीओ सिद्धार्थनगर: वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ती जा रही है। भयावह स्थिति को देखते हुए लोगों को बेहद सतर्कता व जागरूकता अपनानी होगी। तभी इस महामारी के संक्रमण से बचा जा सकेगा।
यह बातें सीओ प्रदीप कुमार सिंह ने शुक्रवार को कही। पुलिस क्षेत्राधिकारी यादव ने कहा कि समाज के एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हम सब की नैतिक जिम्मेदारी हैं कि ऐसे आपदा काल में सभी को जागरूक करने में लग जाएं। मास्क लगाने, सामाजिक दूरी को बनाए रखने और समय-समय पर आवश्यकता अनुसार सैनिटाइजर का उपयोग अवश्य करें। एकजुटता और जागरूकता से इस महामारी की लड़ाई में जीत हासिल होगी। आवश्यक होने पर ही बाहर निकलें।