नहर से सिचाई को लेकर दो गांवों में विवाद, पांच गंभीर
कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर शाम नहर के पानी से सिचाई के विवाद में दो गांव के लोग आपस में भिड़ गए। मारपीट में पांच लोगों को गंभीर चोट पहुंची है।
सिद्धार्थनगर : कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर शाम नहर के पानी से सिचाई के विवाद में दो गांव के लोग आपस में भिड़ गए। मारपीट में पांच लोगों को गंभीर चोट पहुंची है। घायलों का नाम ग्राम अहिरौला निवासी संतोष शर्मा, रामेश्वर कन्नौजिया, उदय प्रताप कन्नौजिया, रामअवतार गुप्ता, सहजराम है। भावपुर महदेइया गांव के निवासियों को भी चोट पहुंची है। मामले की जानकारी होने के बाद पुलिस अधीक्षक समेत चार थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
बजहां सागर से निकली जमींदारी प्रणाली नहर ग्राम चकइजोत व भावपुर महदेईया होते हुए गायघाट की ओर जाती है। शाम को अहिरौला के ग्रामीण नहर के पुल पर बैठे थे। पुल पर लगा पानी बहाव का फाटक बंद था। जिससे नहर में पानी आगे नही जा रहा था। भावपुर महदेईया के ग्रामीणों ने फाटक को खोलने का प्रयास किया। अपशब्द बोलने पर विवाद शुरू हो गया। दोनों गांव के लोग जुट गए। सड़क पर खड़ी चार व दो पहिया वाहनों को भी क्षति पहुंचाने का प्रयास किया। एसओ कपिलवस्तु विनोद कुमार राय ने बताया कि अहिरौला गांव के निवासियों ने तहरीर दी है। 13 लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है।