मुख्य सड़क से कब्जा हटवाया, आज भी चलेगा बुलडोजर
दैनिक जागरण अभियान फुटपाथ हमारा है का असर पूरे जनपद में दिखने लगा है। जिस फुटपाथ पर एक दशक पहले से कब्जा किया गया था उसे भी प्रशासन ने रविवार को बुलडोजर चलवाकर हटवा दिया।
सिद्धार्थनगर: दैनिक जागरण अभियान फुटपाथ हमारा है, का असर पूरे जनपद में दिखने लगा है। जिस फुटपाथ पर एक दशक पहले से कब्जा किया गया था, उसे भी प्रशासन ने रविवार को बुलडोजर चलवाकर हटवा दिया। मुख्य सड़क पर पीडब्ल्यूडी, सिचाई विभाग व ब्लाक मुख्यालय के सामने से प्रशासन ने वह भी कब्जा हटवा दिया है, जिसे पहले कभी हटाने की हिम्मत नहीं जुटाई गई। अभियान के पहले दिन हाईडिल तिराहे से लेकर स्टेट बैंक के सामने तक का कब्जा हटाया गया। सोमवार को बांसी तिराहे तक कब्जा हटेगा।
सड़क चौड़ीकरण में अवरोध बने अतिक्रमण को एक-एक कर बुलडोजर से ध्वस्त किया गया। दोपहर से शुरू हुआ अभियान देर शाम तक चला। कई जगहों पर प्रशासन को लोगों के विरोध का भी सामना करना पड़ा, पर टीम ने किसी की भी नहीं सुनी। हाइडिल से बांसी स्टैंड तिराहे तक नगरपालिका की ओर से सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। काफी दिनों से सड़क के दोनों तरफ गिट्टियां गिराकर छोड़ा गया है। कार्य रूका पड़ा है। इसकी वजह सड़क की पटरियों पर लोगों का कब्जा है। कई बार इसे मुक्त कराने की कोशिश शुरू हुई,पर अंजाम परवान नहीं चढ़ सका। स्थित यह थी कि पैदल यात्रा करने वाले लोगों को फुटपाथ पर चलने भर की जगह नहीं थी। इस बीच दैनिक जागरण ने इसे खाली कराने की पहल की। फुटपाथ हमारा है पर अभियान चलाया। नगरपालिका ने कई बार अतिक्रमणकारियों को कब्जा हटाने की चेतावनी भी दी थी। पर अतिक्रमण नहीं हट पाया था। अंत में प्रशासन ने अभियान चलाने का फैसला किया। तीन दिन पूर्व से ही माइक लगाकर अतिक्रमण कारियों को चेतावनी दी गई थी। सड़क पर ही पटरा बल्ली की दुकानें चल रही थी। नाला पर अतिक्रमण कर लिया गया था। गिट्टी और मोरंग की दुकानें भी सड़क से ही संचालित हो रही थी। इस अतिक्रमण में एक अस्पताल की दीवार तोड़ी गई। एक पूर्व चेयरमैन की चहारदीवारी भी ध्वस्त की गई। कई गुमटियां भी उठाकर प्रशासन ने दूसरी जगह लगवाया। सड़क के किनारे कुछ लोगों ने सीढ़ी भी निर्मित करा लिया था उसपर भी बुलडोजर चढ़ा। कुछ लोग कार्रवाई की डर से स्वत: भी अपना कब्जा हटावा लिया। इस अभियान में प्रभारी इओ नगरपालिका व एसडीएम सदर विकास कश्यप, सीओ सदर प्रदीप कुमार यादव, एसओ तहसीलदार सिंह, चौकी इंचार्ज जेल रोड शशांक सिंह मय फोर्स मौजूद रहे।
हाइडिल तिराहे से पकड़ी तक चलेगा बुलडोजर
प्रशासन की ओर से सोमवार को भी अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जाएगा। स्टैंड बैंक शाखा से होते हुए बांसी स्टैंड तिराहे तक अतिक्रमण को हटाया जाएगा। इस आशय की सूचना नपा की ओर से प्रसारित करायी गई। एसडीएम विकास कश्यप ने कहा कि सोमवार को बांसी तिराहे तक अतिक्रमण हटाने के बाद हाईडिल तिराहे से पकड़ी चौराहे तक अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसके लिए संबंधित को स्वयं अतिक्रमण हटाने की सूचना लगातार दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जहां भी जहां भी अतिक्रमण ध्वस्त किया गया है, संबंधित मलवा हटा लें, अन्यथा उसे भी जब्त कर लिया जाएगा।