जिला पंचायत चुनाव में 504 उम्मीदवार, एक पर्चा खारिज
जिला पंचायत के वार्ड नंबर 32 में नौ प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। भाजपा समर्थित शीतल सिंह पत्नी उपेंद्र सिंह के अलावा सपा से मुबारक हुसैन अर्चना सिंह नसीर नुसरत मुबारक अली सहाबुद्दीन खान शेख मोहम्मद सलमान और सलमान अली ने भी पर्चा भरा था।
सिद्धार्थनगर : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में रविवार को नाम वापसी की प्रक्रिया हुई। इसके चुनाव चिन्ह आवंटन का कार्य शुरू हुआ। इसे देर रात तक चलने की संभावना है। जिला पंचायत सदस्य पद पर एक प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। 53 लोगों ने पर्चा वापस लिया। एक नामांकन पत्र में प्रपत्र पूरे नहीं मिलने के कारण उसे खारिज किया। अब जिला पंचायत सदस्य पद पर 504 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। समाचार लिखे जाने तक ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत व ग्राम पंचायत सदस्य पद चुनाव चिन्ह आवंटन का कार्य चल रहा है।
जिला पंचायत सदस्य पद पर 559 नामांकन पत्र भरे गए थे। इसमें वार्ड नंबर 11 की प्रत्याशी प्रमिला का नामांकन पत्र अपूर्ण होने के कारण खारिज किया गया। यह वार्ड पिछड़ा वर्ग स्त्री के लिए आरक्षित है। प्रत्याशी का नाम मतदाता सूची में नहीं होने के कारण पर्चा खारिज हुआ है। पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्य पद समेत कुल 25340 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। जिसमें ग्राम प्रधान पद के लिए 8602, क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 5847, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 10332 नामांकन किए गए थे।
भाजपा प्रत्याशी शीतल सिंह निर्विरोध निर्वाचित घोषित
जिला पंचायत सदस्य पद पर भाजपा को पहली विजय प्राप्त हुई। रविवार को जिला पंचायत के वार्ड 32 में भाजपा प्रत्याशी शीतल सिंह निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुई। इस वार्ड में सपा समेत कुल नौ प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। आठ ने अपना पर्चा वापस ले लिया।
जिला पंचायत के वार्ड नंबर 32 में नौ प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। भाजपा समर्थित शीतल सिंह पत्नी उपेंद्र सिंह के अलावा सपा से मुबारक हुसैन, अर्चना सिंह, नसीर, नुसरत, मुबारक अली, सहाबुद्दीन खान, शेख मोहम्मद सलमान और सलमान अली ने भी पर्चा भरा था। इन सभी ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में नाम वापस लिया। जिला महामंत्री बिपिन सिंह, कन्हैया पासवान, अरविद उपाध्याय, अजय उपाध्याय, रामेश्वर पांडेय, महेश चंद्र वर्मा, अरुण उपाध्याय आदि ने हर्ष व्यक्त किया।