मुहल्ले में भरा पानी, बांस-बल्ली के पुल से निकलते लोग
जलनिकासी न होने से विकराल रूप लेती जा रही समस्या
श्रावस्ती : इकौना ब्लाक के कटरा बाजार में जलनिकासी की समस्या ने विकराल रूप ले लिया है। घरों के सामने घुटने से ऊपर तक पानी भरा है। ऐसे में आवागमन के लिए लोगों ने बांस-बल्ली के सहारे अस्थाई पुल बना लिया है। लगातार जलभराव होने से संक्रामक बीमारियों फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
बौद्ध तीर्थ क्षेत्र श्रावस्ती से सटे कटरा ग्राम पंचायत में समस्याओं का अंबार है। बरसात के मौसम में जलनिकासी सबसे बड़ी समस्या बनकर खड़ी हो गई है। पक्का मकान बनाकर सुख पूर्वक जीवन यापन कर रहे लोगों के लिए अपने घर तक पहुंचने का रास्ता नहीं है। घर के सामने मैदान में घुटनों से ऊपर तक पानी भरा हुआ है। कटरा बाजार में सड़क व मुहल्लों के रास्तों पर जलभराव है। जलनिकासी की व्यवस्था के लिए प्रशासन की ओर से मजबूत कदम उठाए जाने का लोगों ने इंतजार किया, लेकिन कोई देखने तक नहीं पहुंचा। थम-हार कर मुहल्ले के लोगों ने आवागमन के लिए बांस-बल्ली के सहारे पुल बना लिया है। जलभराव बना रहने से गांव में मच्छरों की भरमार है। इससे संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। जहरीले जंतुओं भी भय लोगों को परेशान कर रहा है।
इनसेट
क्या कहते हैं लोग
अधिवक्ता संघ के महामंत्री श्रीधर द्विवेदी ने बताया की कटरा बाजार में जलभराव का कारण श्रावस्ती में विदेशी संस्था डेन महामंकोल है। पहले बरसात व बाढ़ का पानी पुलियों के रास्ते गांव से बाहर निकल जाता था, लेकिन डेन महामंकोल ने दीवार खड़ी करके जलनिकासी बंद कर दिया है। सिद्धनाथ जयसवाल, रामकुमार गुप्ता, सर्वजीत, सुरेश जयसवाल, ताराचंद यादव व काशीराम यादव ने बताया कि जिला प्रशासन से शिकायत के बावजूद जलनिकासी की समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
वर्जन
नाले की सफाई कराई जा रही है। जलनिकासी की समस्या का समाधान करने के लिए उच्चाधिकारियों से पत्राचार भी किया गया है।
-छांगुर प्रसाद, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत कटरा।