पर्यटकों व तीर्थयात्रियों को अखर रही परिवहन साधनों की कमी
इकौना (श्रावस्ती) : बौद्ध परिपथ पर स्थित तीर्थ क्षेत्र श्रावस्ती व तहसील मुख्यालय इकौना में यदि आप बाहर
इकौना (श्रावस्ती) : बौद्ध परिपथ पर स्थित तीर्थ क्षेत्र श्रावस्ती व तहसील मुख्यालय इकौना में यदि आप बाहर से आए हैं तो शाम होने से पहले ही आपको लौटना होगा। यहां दिन ढल गया तो वापस जाने के लिए सिर्फ डग्गामार वाहन मिलेंगे, जिनमें असुरक्षित सफर तय करना होगा। रात्रिकालीन परिवहन सेवाओं की कमी को लेकर व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है।
तीर्थ क्षेत्र श्रावस्ती व तहसील मुख्यालय इकौना बौद्ध परिपथ पर आसपास ही स्थिति है। इस मार्ग पर अधिकाश बहराइच व बलरामपुर डिपो की परिवहन निगम की बस सेवा ही उपलब्ध है। सूर्यास्त के बाद बलरामपुर बहराइच से श्रावस्ती व इकौना के लिए परिवहन निगम की बसें नही मिल पाती। इससे व्यापारियों व तीर्थयात्रियों को काफी समस्या होती है।
क्या कहते हैं लोग
कटरा व्यापार मंडल अध्यक्ष रामकुमार गुप्ता, इकौना व्यापार मंडल अध्यक्ष विनोद सोनी, किसान संजय चौधरी व व्यापारी संजीव नय्यर ने कहा कि बहराइच व बलरामपुर से नियमित रूप से कानपुर, इलाहाबाद, लखनऊ आदि शहरों के लिए देर रात तक बसें चलती है। इन्हीं में से दोनों स्थानों से एक बस देर रात बहराइच से इलाहाबाद व बलरामपुर से कानपुर के लिए वाया इकौना होकर संचालित की जाए तो श्रावस्ती आने-जाने वाले पर्यटकों व तीर्थ यात्रियों को काफी सुविधा हो जाएगी। इससे इकौना व कटरा के व्यापारियों को रात्रि में लंबी दूरी की यात्रा के लिए आवागमन का साधन उपलब्ध हो जाएगा और उन्हें डग्गामार वाहनों से रात में यात्रा करने के जोखिम से भी निजात मिल जाएगी।